कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन पर धनबाद में भी अलर्ट जारी
कोरोना वायरस के ब्रिटेन में पाए गए नए स्ट्रेन को लेकर धनबाद में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। विश्व स्वास्थ संगठन के निर्देश के बाद जिले के सभी सिविल सर्जन को निर्देशित किया जा रहा है। धनबाद में जिला महामारी रोग नियंत्रण विभाग को सूचित किया है।
धनबाद, जेएनएन: कोरोना वायरस के ब्रिटेन में पाए गए नए स्ट्रेन को लेकर धनबाद में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। विश्व स्वास्थ संगठन के निर्देश के बाद जिले के सभी सिविल सर्जन को निर्देशित किया जा रहा है। धनबाद में जिला महामारी रोग नियंत्रण विभाग और विश्व स्वास्थ्य संगठन ने सभी चिकित्सा पदाधिकारियों को सूचित किया है। विदेश से आने वाले लोगों की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए टीम ने तैयारी शुरू कर दी है। सिविल सर्जन डॉक्टर गोपाल दास ने बताया कि एहतियात के तौर पर विभाग तैयारी कर रहा है। अभी हमारे यहां कोई ऐसा मामला नहीं आया है।
वायरस के नए स्ट्रेन में संक्रमण की दर सबसे ज्यादा
विश्व स्वास्थ संगठन धनबाद के प्रतिनिधि डॉ अमित तिवारी ने बताया कि कोरोना वायरस के नए स्ट्रेन जो ब्रिटेन में पाए जा रहे हैं। वह तेजी से लोगों को संक्रमित कर रहा है। शोध के अनुसार लगभग 70 फीसदी अधिक इसकी संक्रमण दर है। हालांकि मृत्यु दर ज्यादा नहीं है। लेकिन तेजी से संक्रमण होना चिंताजनक है।
धनबाद में फिलहाल 40 हैं सक्रिय मरीज
धनबाद में कोरोना वायरस के 40 सक्रिय मरीज भर्ती हैं। अब तक कुल 7200 संक्रमित हो चुके हैं। 102 लोगों ने कोरोना वायरस के कारण अपनी जान गवाई हैं। अब फिर से विभाग को अलर्ट किया गया है। बाहर से आने वाले लोगों की आरटी पीसीआर जांच कराई जाएगी।
वर्जन
वायरस में लगातार बदलाव हो रहा है। ब्रिटेन में भी ऐसे वायरस पाए गए हैं। इसे देखते हुए एहतियात के तौर पर विश्व स्वास्थ संगठन निर्देश दे रहा है। इसका पालन किया जा रहा है।
डॉ. अमित तिवारी, प्रतिनिधि, विश्व स्वास्थ संगठन धनबाद