दूसरी बार पुराना बाजार चैंबर के अध्यक्ष चुने गए अजय, कहा- सबको साथ लेकर चलना मेरी प्राथमिकता; श्रीकांत अग्रवाल बने सचिव Dhanbad News
अजय नारायण लाल दूसरी बार पुराना बाजार चैंबर के अध्यक्ष चुने गए हैं। सचिव पद पर श्रीकांत अग्रवाल ने जीत दर्ज की है। वहीं नौशाद आलम को निर्विरोध कोषाध्यक्ष चुना गया।
धनबाद, जागरण। अजय नारायण लाल 141 मतों से जीतकर दूसरी बार पुराना बाजार चैंबर के अध्यक्ष चुने गए हैं। वे इससे पहले 2016-18 तक पुराना बाजार चैंबर के अध्यक्ष रह चुके हैं। इससे पहले वे दो बार सचिव भी रह चुके हैं। रविवार को पुराना बाजार चेंबर ऑफ कॉमर्स का चुनाव रतनजी रोड स्थित चैैंबर कार्यालय में संपन्न हुआ। दो साल के कार्यकाल के लिए इस कमेटी का गठन किया गया है।
वहीं इस बार सचिव पद पर श्रीकांत अग्रवाल ने 331 मत लाकर बड़ी जीत दर्ज की। गुप्त मतदान के जरिए अध्यक्ष और सचिव पद के लिए चुनाव किया गया। पुराना बाजार चैैंबर में 485 सदस्य है। अध्यक्ष पद के लिए अजय नारायण लाल, विजय सैनी, परवेज खान चुनावी मैदान में थे। वहीं, सचिव पद के लिए श्रीकांत अग्रवाल और अजीत शर्मा में लड़ाई थी। कोषाध्यक्ष निर्विरोध नौशाद आलम चुने गए। चुनाव प्रक्रिया को पूरा करने में जिला चेंबर के अध्यक्ष राजेश गुप्ता, उदय प्रताप सिंह, राजकुमार गुप्ता शामिल थे।
दो बार सचिव दो बार अध्यक्ष बने लाल : अजय नारायण लाल ने चुनाव जीतने के बाद कहा कि सबको साथ लेकर चलना मेरी पहली प्राथमिकता है। समस्याएं जो भी है इसका निराकरण करने के लिए हमेशा दुकानदार भाइयों के साथ खड़े है। उन्होंने बताया कि दो बार सचिव व दो अध्यक्ष पद संभालने का मौका मिला है।
चुने गए पदाधिकारी गठित करेंगे कमेटी : चुने गए पदाधिकारी अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष मिलकर पूरी कमेटी का गठन करेंगे। इसमें उपाध्यक्ष व संगठन सचिव का पद आदि दिया जाता है। सोहराब को उपाध्यक्ष का पद मिल सकता है। अजय नारायण लाल के लिए उन्होंने अपना पद का त्याग किया था।
किसे मिले कितने मत :
कुल मतदाता- 485
मत पड़े- 470
अध्यक्ष पद के तीन दावेदार
अजय नारायण लाल- 254 मत
विजय सैनी- 113 मत
परवेज खान 67- मत
मत रद हुए- 6
सचिव पद के लिए दो दावेदार
श्रीकांत अग्रवाल- 331 मत
अजित शर्मा- 107 मत
मत रद हुए- 2