भगतडीह में हाइवा ने बाइक सवार को कुचला, मौत
झरिया-धनबाद मुख्य मार्ग पर आरएसपी कॉलेज भगतडीह के पास बुधवार की रात लगभग आठ बजे कोयला लदा हाइवा ने बाइक सवार 35 वर्षीय डुमरी को-ऑपरेटिव कॉलोनी निवासी मनोज कुमार गुप्ता को अपनी चपेट में ले लिया।
धनसार/डुमरी : झरिया-धनबाद मुख्य मार्ग पर आरएसपी कॉलेज भगतडीह के पास बुधवार की रात लगभग आठ बजे कोयला लदा हाइवा ने बाइक सवार 35 वर्षीय डुमरी को-ऑपरेटिव कॉलोनी निवासी मनोज कुमार गुप्ता को अपनी चपेट में ले लिया। हाइवा में बाइक फंसकर 50 मीटर दूर तक घसीटता चला गया। स्थानीय लोगों ने बाइक सवार को गंभीर रूप से घायलावस्था में बाहर निकाला। इलाज के लिए पीएमसीएच भेजा। चिकित्सक ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने झरिया-धनबाद मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। सूचना पाकर झरिया पुलिस पहुंची। पुलिस लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाने की कोशिश कर रही थी। लेकिन लोग मानने को तैयार नहीं थे। लोगों का कहना था कि इस मार्ग से हाइवा का परिचालन बंद किया जाए। साथ ही हाइवा परिचालन के लिए दूसरे मार्ग का विकल्प ढूंढा जाए। इस दौरान पुलिस और आंदोलनकारियों के बीच काफी नोकझोंक हुई। आक्रोशित लोगों के नहीं मानने पर झरिया पुलिस ने जबरन बलपूर्वक सड़क जाम हटाया। मोबाइल से मनोज की पहचान हुई। पत्नी रिकी देवी, तीन पुत्री व एक पुत्र रो रोकर बेहाल है।
बताते हैं कि मनोज बुधवार की देर शाम राजमिस्त्री का काम कर धनबाद से घर आ रहा था। आरएसपी कॉलेज पहुंचा। इसी बीच राजापुर से कोयला लोड कर बीएनआर साइडिग जा रहे हाइवे ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। झरिया पुलिस हाइवा और बाइक को जब्त कर थाना ले गई। मनोज का हेलमेट भी घटनास्थल से पुलिस ने बरामद की है। सड़क जाम कर रहे लोगों का कहना था कि इस मार्ग में रात नौ बजे से हाइवा परिचालन किया जाता है। फिर रात आठ बजे से हाइवा का परिचालन कैसे शुरू किया गया।