Anti Corruption Bureau: DMC में छापा के बाद खाली हाथ निकली भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम, कार्रवाई पर उठ रहे सवाल
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम धनबाद नगर निगम में फाइलों को खंगाल रही है। बुधवार सुबह एसीबी की एक टीम धनबाद नगर निगम कार्यालय पहुंची।
धनबाद, जेएनएन। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ( Anti Corruption Bureau) ने बुधवार को धनबाद नगर निगम कार्यालय में छापा मारा। छापा के बाद जब ACB के अधिकारी निगम कार्यालय से बाहर निकले तो उनके हाथ खाली थे। छापा के दाैरान कोई गडबड़ी पकड़ी नहीं आ सकी। बगैर किसी ठोस कार्रवाई के छापा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
बुधवार सुबह 10.30 बजे ACB की एक टीम धनबाद नगर निगम कार्यालय पहुंची। नगर निगम के अधिकारियों से विकास कार्यों की फाइलों की मांग की। ACB के अधिकारियों ने धनबाद नगर निगम कार्यालय में बैठकर फाइलों की जांच की। एक-एक फाइलों की जांच की गई। जांच में गडबड़ी मिलने के बाद कार्रवाई की जाएगी। धनबाद नगर निगम कार्यालय में एसीबी की कार्रवाई को लेकर डीएमसी के अधिकारी और कर्मचारी सकते में हैं। नगर निगम के तमाम छोटे-बड़े अधिकारी मामला जानने में जुट गए हैं। जांच टीम का नेतृत्व ACB के डीएसपी एम रहमान ने किया।
झारखंड सरकार को धनबाद और रांची नगर निगम में भ्रष्टाचार की शिकायत मिली है। इसी बाद फाइलों की जांच की जा रही है। झारखंड में सरकार बदली है। भाजपा सरकार जाने के बाद झामुमो की सरकार बनी है। इस जांच को राज्य में सत्ता बदलाव के नजरिए से भी देखा जा रहा है। हेमंत सरकार को सूचना मिली है कि धनबाद के साथ ही रांची नगर निगम में बड़े पैमान पर गड़बड़ी हुई है। न सिर्फ बड़े-बड़े बल्कि छोटे-छोटे कार्यों ंमें भी अनियमितता बरती गई है। इसके बाद बाद सरकार ने जांच के आदेश दिए हैं।
झारखंड सरकार के निर्देश पर एसीबी ने बुधवार सुबह राज्य भर के नगर निकायों में जांच शुरू की। धनबाद नगर निगम में डीएसपी एम रहमान पड़ताल करने पहुंचे। कार्यालय में नगर आयुक्त चंद्रमोहन कश्यप नहीं थे। एसीबी के अधिकारियों ने अपर नगर आयुक्त राजीव रंजन और कार्यपालक अभियंताओं के साथ बैठक कर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं में विलंब का का कारण जाना। प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण योजना, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, नक्शा पास, होल्डिंग आदि मामले निर्धारित समय पर क्यों नहीं हो रहे हैं ?