Shri Ram Janmabhoomi Teerth Kshetra: आप नेता ने मंदिर निर्माण के लिए दिए 51 हजार, आम जनता से की अपील
आप नेता दीपनारायण सिंह ने श्री राम मंदिर निर्माण हेतु 51000 रुपये का चेक श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम जारी किया है। उन्होंने कहा है कि श्री राम मंदिर निर्माण से भारत देश का मान पूरे विश्व में बढ़ेगा।
धनबाद, जेएनएन। भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर निर्माण के लिए धन संग्रह अभियान चलाया जा रहा है। यह अभियान श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से चलाया जा रहा है। इसे सफल बनाने के लिए आरएसएस परिवार के सभी संगठन लगे हैं। इस अभियान को प्रत्येक हिंदू परिवार से जोड़ने का लक्ष्य है। हालांकि हर दल और हर समाज से सहयोग लिया जा रहा है। धनबाद में दल और धर्म से ऊपर उठकर सहयोग भी कर रहे हैं। आप नेता सह यूथ फोर्स के प्रधान संयोजक दीप नारायण सिंह ने श्री राम मंदिर निर्माण के लिए 51 हजार रुपये का दान किया है।
सिंह ने बुधवार को श्री राम मंदिर निर्माण हेतु 51,000 रुपये का चेक श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के नाम जारी किया है। इस अवसर उन्होंने कहा कि श्री राम मंदिर निर्माण से भारत देश का मान पूरे विश्व में बढ़ेगा। श्री राम मंदिर निर्माण भव्य रूप से हो इसके लिए सभी लोगों को बढ़-चढ़ कर मंदिर निर्माण में दान देना चाहिए।