Fire Area: जोरदार आवाज के साथ फटी धरती और समा गया युवक, दहशत में बराकर
बराकर में भू-धंसान से खलबली मच गई और शाहनवाज को बचाने के लिए सभी जोर-जोर से चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे। उन्होंने चार फीट नीचे फंसे शाहनवाज को रस्सी ओर बांस के सहारे काफी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया।
चिरकुंडा/ बराकर, जेएनएन। झारखंड-पश्चिम बंगाल की सीमा स्थित बराकर के 67 नंबर वार्ड के आरा डंगाल के निकट नवीनगर में बुधवार की सुबह तकरीबन 6:30 बजे उस समय अफरा-तफरा मच गई जब अचानक जोरदार आवाज के साथ तसलीम खान के घर में भूधंसान हुआ और गोफ बन गया। इसमें उनका 22 वर्षीय बेटा शाहनवाज समा गया। उस समय घर के सभी लोग सो रहे थे। इस घटना के बाद बराकर इलाके में दहशत फैल गया है। लोग डरे हुए हैं।
धरती के चार फीट नीचे से निकाला गया बाहर
गोफ में शाहनवाज के समा जाने के हादसे के बाद खलबली मच गई और बचाने के लिए सभी जोर-जोर से चिल्लाने लगे। आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे। उन्होंने चार फीट नीचे फंसे शाहनवाज को रस्सी ओर बांस के सहारे काफी मशक्कत के बाद सकुशल बाहर निकाल लिया। हालांकि घर में रखे 90 हजार रुपये व आभूषण सहित अन्य सामान जमींदोज हो गए। वहीं आसपास के चार परिवार बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। दो दर्जन घर इसकी चपेट में आए हैं। आसपास के घरों में दरार पड़ गई है, जिससे लोग अनहोनी की आशंका से भयभीत हैं।
झरिया मास्टर प्लान का हिस्सा बराकर
सूचना पर पहुंचे प्रशासनिक पदाधिकारी व कर्मियों ने गोफ के आसपास घेराबंदी कर दी है और लोगों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगा दिया है ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना नहीं हो सके। आसनसोल निगम प्रशासन को भी घटना की जानकारी दे दी गई। झरिया मास्टर प्लान का हिस्सा बराकर है। इस इलाके में बीसीसीएल खनन करता है। यहां भू-धंसान से आमलोगों पर खतरा है। इसे देखते हुए पुनर्वास का प्लान तैयार किया गया है।
इस घटना से मर्माहत हूं। ठंड को देखते हुए भू धंसान प्रभावित लोगों को व्यवस्था होने तक बीसीसीएल की ओर से आवास दिए जाएंगे। ऐसा करने से प्रभावित परिवारों को राहत मिलेगी।
- एसएस दास, जीएम, एरिया 12, बीसीसीएल