पटना से कोलकाता जा रही बस में रिटायर्ड फौजी की मौत, वजह जानकर परेशान हुए यात्री Dhanbad News
पटना से कोलकाता जा रही बस में एक यात्री की मौत हो गई। दियान नामक करीब 35 यात्रियों को लेकर पटना से कोलकाता जाने के क्रम में शनिवार तड़के एनएच-02 पर स्थित सम्राट होटल पहुंची थी।
धनबाद, जेएनएन। पटना से कोलकाता जा रही यात्री बस में एक यात्री की मौत हो गई। दियान नाम की बस शुक्रवार रात तकरीबन 35 यात्रियों को लेकर पटना से कोलकाता को चली थी। शनिवार सुबह पांच बजे बस गलफरबाड़ी ओपी क्षेत्र में एनएच-02 पर स्थित सम्राट होटल पर आकर रुकी। चालक व खलासी ने सभी यात्रियों को चाय पीने को बोला। यात्री चाय पीने के लिए एक-एककर बस से उतर रहे थे। तभी बीच की सीट पर बैठे एक 45 वर्षीय रिटायर्ड फौजी को उसके साथी ने उठाया, लेकिन रिटायर्ड फौजी सीट से नीचे लुढ़क गया। यह देख उसके बगल में बैठा साथी चिल्लाने लगा। बस के अन्य यात्रियों व चालक ने आकर देखा तो फौजी को मरा हुआ पाया।
इसके बाद फौजी के साथी ने उसके परिजनों को फोन कर संपर्क किया। परिजनों ने सूचना दी कि फौजी कई रोग से ग्रस्त था। परिजनों ने एंबुलेंस से कोलकाता पहुंचाने का आग्रह किया। इसके बाद साथी मृतक फौजी को एंबुलेंस से लेकर कोलकाता चला गया। इधर होटल वाले ने मृतक की सूचना गलफरबाड़ी ओपी को दी, लेकिन जबतक पुलिस वहां पहुंची वे लोग कोलकाता के लिए चल पड़े थे। ओपी प्रभारी वशिष्ठ नारायण सिंह ने बताया कि पुलिस के पहुंचने से पहले बस में मृतक के साथ आया व्यक्ति एंबुलेंस कर कोलकाता के लिए निकल चुका था।