Jharkhand : कोरोना जांच को लेकर खोला मोर्चा, अव्यवस्था के खिलाफ क्वारंटाइन सेंटर में ही भूख हड़ताल पर बैठे लोग
कोरोना जांच को लेकर सरकारी व्यवस्था से लोग हताश होने लगे हैं। पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित क्वारंटाइन सेंटर में पिछले 14 दिनों से रह रहे 17 लोग शुक्रवार को भूख हड़ताल पर बैठ गए।
धनबाद, जेएनएन। धनबाद के पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित क्वारंटाइन सेंटर में 17 लोग भूख हड़ताल कर रहे हैं। इनका कहना है कि सरकारी व्यवस्था बेहद खराब है। 17 लोगों में दो-चार लोगों का ही स्वाब संग्रह किया गया है। यहां रिपोर्ट भी आने में काफी देरी हो रही हैं। जबकि बाकी अन्य लोगों का अभी तक स्वाब संग्रह नहीं किया गया है। कोई तीन दिन से तो कोई चार दिन से इसके इंतजार में यहां हैं। अंततः सब्र का बांध टूट गया और जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के खिलाफ ये हड़ताल पर धरने पर बैठ गए।
भूख हड़ताल पर बैठे राम जीवन सहाय, विशाल सिन्हा की माने तो 15 तारीख से कुल 17 लोग सेंटर में भर्ती है। सभी 17 लोगो का 19 तारीख को मेडिकल जांच किया गया। लेकिन 15 दिन बीत जाने के बाद भी रिपोर्ट नहीं आई है। लोगों ने कहा कि कुछ लोगों की 14 दिनों की अवधि भी पूरी हो गई है, लेकिन उन्हें जाने नहीं दिया जा रहा है। इस बीच कुछ नए लोगों को भी यहां लाया जा रहा है। यदि नए लोग वायरस से संक्रमित होंगे, तो पुराने को भी कर देंगे। लेकिन इसकी चिंता स्वास्थ्य विभाग को नहीं है।
भूख हड़ताल की सूचना पर सिविल सर्जन डॉ. गोपाल दास को दी गई है। सिविल सर्जन ने इस बाबत एक टीम को भेजा है। टीम लोगों को समझाने बुझाने का काम कर रही है। सिविल सर्जन ने बताया कि पीएमसीएच में रिपोर्ट देरी से मिल पा रही है। हालांकि अब तेजी आई है। पेंडिंग मामलों का जल्दी से निपटारा हो रहा है।