140 साल पुराना काठ पुल बनेगा इतिहास, धनबाद पुराना स्टेशन से हिल कॉलोनी को जोड़ेगा नया ओवरब्रिज Dhanbad News
काठ पुल ब्रिटिश जमाने में बना था। सेवानिवृत्त रेलकर्मी बताते हैं कि 1880 में धनबाद स्टेशन यहीं पर था। यात्रियों व कर्मचारियों की आवाजाही के लिए ही रेलवे ने इस पुल का निर्माण कराया।
धनबाद, जेएनएन। हिल कॉलोनी को ओल्ड स्टेशन से जोडऩे के लिए नए फुट ओवरब्रिज निर्माण की रफ्तार तेज हो गई है। शनिवार को इंजीनियरिंग विभाग के कर्मचारियों की मौजूदगी में लोहे का गार्डर चढ़ाने का काम शुरू हुआ। गार्डर लगने के बाद अब आगे की प्रक्रिया आसान होगी। इस पुल के निर्माण में तकरीबन दो करोड़ 75 लाख की लागत आएगी। अगले तीन-चार महीने में ओवरब्रिज के बनकर तैयार होने का अनुमान है। सबकुछ योजना के मुताबिक हुआ तो नए साल में नए ओवरब्रिज का तोहफा मिल जाएगा।
तीन मीटर चौड़ा होगा नया ओवरब्रिज
नए ओवरब्रिज की चौड़ाई तीन मीटर होगी। मौजूदा का काठ पुल की तुलना में यह काफी चौड़ा होगा। नए पुल के ऊपर शेड भी होगा।
1880 के आसपास बना था काठ पुल
इस पुल के निर्माण के साथ ही सौ साल से अधिक पुराने काठ पुल का अस्तित्व समाप्त हो जाएगा। काठ पुल ब्रिटिश जमाने में बना था। सेवानिवृत्त रेलकर्मी बताते हैं कि 1880 में धनबाद स्टेशन यहीं पर था। यात्रियों व कर्मचारियों की आवाजाही के लिए ही रेलवे ने इस पुल का निर्माण कराया था। अब 140 साल पुराने पुल की हालत बेहद जर्जर है। नए पुल का निर्माण होते ही रेलवे इस पुल को बंद कर देगी।