आमटाल के 12 पुरुष व महिलाओं को पुलिस ने भेजा जेल
बलियापुर आमटाल गांव स्थित गैर आबाद जमीन पर विद्युत सब स्टेशन निर्माण कार्य रविवार को दूसरे दिन पुलिस की सुरक्षा में ट्रेंच कटिग व बुनियाद का काम जारी रहा।
बलियापुर : आमटाल गांव स्थित गैर आबाद जमीन पर विद्युत सब स्टेशन निर्माण कार्य रविवार को दूसरे दिन पुलिस की सुरक्षा में ट्रेंच कटिग व बुनियाद का काम जारी रहा। दूसरी ओर शनिवार को कार्य का विरोध करने वाले एक दर्जन पुरुषों व महिलाओं के खिलाफ बलियापुर थाना में मामला दर्ज कर उन्हें रविवार को जेल भेज दिया गया। लगभग डेढ़ दर्जन महिलाओं व बच्चों को पुलिस ने छोड़ दिया। पुलिस ने शनिवार को ढाई दर्जन लोगों को हिरासत में लिया था। पुरुषों ने मौके पर नग्न प्रदर्शन कर विरोध जताया था। निर्माण कार्य शुरू कराने के लिए रविवार सुबह पुलिस, प्रशासन के अधिकारी, दंडाधिकारी के साथ कार्य स्थल पर पहुंचे। दोपहर को जेसीबी मशीन से ट्रेंच कटिग व बुनियाद का काम शुरू कर किया गया। निर्माण स्थल पर दंडाधिकारी के रूप में प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी डॉ. एसके मंडल, पुलिस अवर निरीक्षक एमपी टेटे, अंशु लकड़ा पुलिस के साथ तैनात थे। पुलिस की कार्रवाई से गांव के रैयतों व ग्रामीणों में काफी रोष है। घटवार आदिवासी महासभा ने दी आंदोलन की चेतावनी : आमटाल गांव के आक्रोशित ग्रामीण रविवार सुबह से ही कार्य स्थल से कुछ दूर जमे रहे। ग्रामीणों की ओर से छेड़े गए जमीन बचाओ आंदोलन का साथ देने के लिए घटवार आदिवासी महासभा के सलाहकार रामाश्रय सिंह व जिलाध्यक्ष राम प्रसाद सिंह भी पहुंचे थे। दोनों ने ग्रामीणों के साथ शाम तक बैठक की। इस दौरान रैयत ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन के विरोध में जमकर नारेबाजी की। नेताओं ने कहा कि उपरोक्त जमीन गांव के स्व. सुफल सिंह के नाम 1930 में झरिया के तत्कालीन राजा शिवप्रसाद सिंह की ओर से पट्टा प्राप्त हुआ है। पुलिस प्रशासन की ओर से जबरन जमीन पर कार्य शुरू कराने व ग्रामीणों को जेल भेजने की हम निदा करते हैं। मंगल सिंह, प्राण राय, लालू सिंह, शंभू सिंह, खीरो सिंह, मदन सिंह, उषा देवी, छवि देवी, उमा देवी, प्रिया, सुनीता, उर्मिला, चंपा आदि थे। आठ पुरुष व चार महिलाओं को पुलिस ने भेजा जेल : बलियापुर थाना पुलिस ने मामले में आठ पुरुष व चार महिलाओं को जेल भेजा है। इनमें रतन लाल सिंह, चंदन सिंह, सूरज सिंह उर्फ रघुवीर सिंह, रवि सिंह, बलराम सिंह, अजय सिंह, अनुज सिंह, वासुदेव सिंह, काली देवी, झूनो देवी, गौरी देवी व रेखा देवी शामिल हैं। हिरासत में लिए गए कई महिलाओं, बच्चों को पुलिस ने सुबह में घर ले जाकर छोड़ दिया। एक बालक की तबीयत बिगड़ी, पुलिस ने अस्पताल में कराया भर्ती : शनिवार को आमताल गांव में नग्न विरोध प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने एक सात साल के बालक राजीव राय को भी हिरासत में लिया था। बालक अपने मामा के यहां आमताल आया था। लोगों के साथ वह भी निर्माण स्थल पर पहुंच गया था। राजीव की तबीयत बिगड़ने के कारण पुलिस ने उसे इलाज के लिए धनबाद के अस्पताल में भर्ती कराया है। ग्रामीणों ने कहा कि बालक गिरफ्तार वासुदेव सिंह का भांजा है। निरसा निवासी बलराम राय का पुत्र है।