दो दिन में निर्धारित सभी रूट पर चलेंगी 12 बसें
धनबाद एक-दो दिन के अंदर नगर निगम की सभी 12 बसें निर्धारित रूट पर चलने लगेंगी। सोमवार को धनबाद से कतरास और धनबाद से बलियापुर रूट पर इसकी शुरुआत की गई थी।
धनबाद : एक-दो दिन के अंदर नगर निगम की सभी 12 बसें निर्धारित रूट पर चलने लगेंगी। सोमवार को धनबाद से कतरास और धनबाद से बलियापुर रूट पर इसकी शुरुआत की गई थी। मंगलवार को धनबाद से सिदरी रूट पर भी एक बस चला दी गई। करमदाहा रूट अभी बच गया है। यहां भी जल्द ही आवागमन शुरू हो जाएगा। बसों को चलाने के साथ ही इसके किराए में भी बढ़ोतरी की गई है। यह हर रूट पर प्रभावी किया गया है। दरअसल बसों में अब 30 की जगह सिर्फ 15 सवारी ही बिठाने का आदेश दिया गया है। इसलिए खर्च निकालने के लिए किराया बढ़ा दिया गया है। बसों के रूट के आधार पर पांच से 10 रुपये किराया बढ़ाया गया है। प्रत्येक बस में सैनिटाइजर और मास्क की व्यवस्था की गई है। दो गज की दूरी, मास्क लगाना जरूरी स्लोगन के जरिए संदेश भी दिया जा रहा है। 2016 में जेएनएनयूआरएम के तहत 70 सिटी बस खरीदी गई थी। एक बस की कीमत 11 लाख रुपये है। इनमें से 48 बसें बरटांड़ बस डिपो में खड़ी हैं। अधिकतर बसों में जंग लग चुका है। 12 बसें ही चलने की हालत में है। कोरोना के बाद से सभी बसें खड़ी थीं। बसों का रूट और किराया
रूट पहले अब
धनबाद से कतरास 15 20
धनबाद से बलियापुर 20 30
धनबाद से सिदरी 15 20
धनबाद से करमदाहा 25 35