Corona Vaccination In Dhanbad: आज लाभुकों का आंकड़ा दस लाख कर जाएगा पार, जानें कहां-कहां मिलेगी वैक्सीन
Corona Vaccination In Dhanbad कोरोना वायरस से बचाव के लिए देशभर में युद्धस्तर पर टीकाकरण अभियान चल रहा है। इस मामले में धनबाद भी पीछे नहीं है। 4 सितंबर तक 999517 लाभुकों को टीके लग चुके थे। आज रविवार को लाभुकों का आंकड़ा दस लाख पार कर जाएगा।
जागरण संवाददाता धनबाद। कोरोना वायरस से बचाव के लिए 16 जनवरी, 2021 को राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत धनबाद में भी टीकाकरण शुरू हुआ था। यहां तेजी से टीकाकरण हो रहा है। रविवार को लाभुकों को टीका लगाने के लिए 70 सेंटर खोले गए हैं। इसकी जानकारी उपायुक्त संदीप सिंह ने ट्वीट कर दी है। उन्होंने टीकाकरण केंद्रों की सूची भी जारी की है। दूसरी तरफ आज 5 सितंबर को धनबाद में टीकाकरण का एक रिकार्ड बन जाएगा। टीका लेने वाले लाभुकों की संख्या 10 लाख से अधिक हो जाएगी। राजधानी रांची और जमशेदपुर के बाद धनबाद जिला भी 10 लाख टीकाकरण क्लब में शामिल हो जाएगा। यहां 4 सितंबर तक 9,99,517 लोगों ने टीका लगाए गए थे। झारखंड में टीकाकरण के मामले में पहले स्थान पर रांची बना हुआ है। यहां पर 13,57,993 लोगों ने वैक्सीन ली है। दूसरे नंबर पर जमशेदपुर है। यहां पर 13,41,966 लोगों को टीका लगा है। जिला टीकाकरण पदाधिकारी डा. विकास राणा ने बताया कि लगातार अथक परिश्रम से यह परिणाम सामने आया है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए लोगों में तेजी से रुझान बड़ा है, यही कारण है कि इसकी रफ्तार तेज हुई है।
5 सितंबर को धनबाद जिले के निम्न केंद्रों पर कोरोना टीकाकरण शिविर का आयोजन किया जाएगा। pic.twitter.com/ijaiyiVsxg
— DC Dhanbad (@dc_dhanbad) September 4, 2021
असहाय और जरूरतमंदों के घरों तक जाकर लगाया जाएगा टीका
डा. राणा ने बताया कि टीकाकरण में समाज के सभी वर्गों को जोड़ा जा रहा है। जो असहाय और जरूरतमंद लोग टीका के लिए केंद्र तक आने में असमर्थ है। ऐसे लोगों के लिए विभाग उनके घरों तक जाकर टीकाकरण शुरू कर रहा है। इससे पहले ग्रामीण इलाकों के कई पंचायतों में टीकाकरण वेन भेजा गया है। दिव्यांग जनों के लिए भी विशेष टीकाकरण वेन भेजा जा रहा है। अब तक 110 संस्थाओं में भी टीकाकरण कराया गया है, जिन्होंने आवेदन किया था। इसके लिए अलग से टीकाकरण टीम तैयार की गई है।
अल्पसंख्यक इलाकों में भी तेज हुआ टीकाकरण
टीकाकरण को लेकर अल्पसंख्यक इलाकों में भी जागरूकता तेजी से बढ़ी है। डा.राणा ने बताया कि पहले इन इलाकों में लोग वैक्सीन नहीं ले रहे थे। ऐसे में लोगों को तरह-तरह से जागरूक करने की कोशिश की गई। तीसरी लहर के संभावित असर को देखते हुए लोग भी अब जागरूक हुए हैं। यही वजह है कि अल्पसंख्यक इलाकों में टीकाकरण ने रफ्तार पकड़ी है। वासेपुर के अल इस्लाह स्कूल को भी टीका करण के लिए चिन्हित किया गया है। यहां पर अब तक 6700 लोगों ने टीका लिया है। इसी के साथ ही गोविंदपुर, झरिया समेत अन्य अल्पसंख्यक इलाकों में भी टीकाकरण तेजी से होने लगी है।