रेललाइन पकड़कर मुर्शिदाबाद व दुमका जा रहे दस मजदूरों को जीआरपी ने पकड़ा
बिहार व रांची से सात दिनों से रेलवे लाइन पकड़कर अपने घर जा रहे दस मजदूरों को जीआरपी ने बुधवार सुबह कुमारधुबी स्टेशन पर पकड़ा और एंबुलेंस से सभी को पीएमसीएच भेजा। मजदूरों में सात मजदूर नवादा के हंसुआ में मजदूरी करते हैं जो अपने घर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जा रहे थे।
चिरकुंडा : बिहार व रांची से सात दिनों से रेलवे लाइन पकड़कर अपने घर जा रहे दस मजदूरों को जीआरपी ने बुधवार सुबह कुमारधुबी स्टेशन पर पकड़ा और एंबुलेंस से सभी को पीएमसीएच भेजा। मजदूरों में सात मजदूर नवादा के हंसुआ में मजदूरी करते हैं जो अपने घर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जा रहे थे। वहीं तीन मजदूर रांची से दुमका जा रहे थे। नवादा से आ रहे सात मजदूरों ने कोडरमा से रेललाइन पकड़ी। बीच रास्ते में रांची से आ रहे तीन मजदूर रास्ते में मिल गए। मुर्शिदाबाद जा रहे मजदूरों ने बताया कि सात दिन पहले नवादा से चले थे। कुछ पैसा लेकर चले थे जो बीच रास्ते में खत्म हो गया। दो दिनों से भूखे-प्यासे चल रहे थे। जीआरपी प्रभारी सुरेश राम ने सभी मजदूरों को भोजन कराया और फिर जांच के लिए एंबुलेंस बुलाकर पीएमसीएच भेजवाया। नवादा से साह हुसैन, टिकू बलई, अधीर दलोई, साहपुर शेख, कबीर शेख, महादेव दलोई, लाशकर शेख व रांची से सोमरा किस्कू, सोमलाल मुर्मू व नागेन्द्र मुर्मू आ रहे थे। इस दौरान एएसआई संजय कुमार, मनीकांत कुमार, आसाउ तिउ, लाल बाबू, राजरूप, अमरेंद्र कुमार आदि पुलिसकर्मी मौजूद थे।