नगर प्रशासक का आदेश नहीं मानती एजेंसी
जागरण संवाददाता देवघर नगर निगम क्षेत्र में पेयजल को लेकर एक तरफ निगम प्रशासन पूरी तरह
जागरण संवाददाता, देवघर : नगर निगम क्षेत्र में पेयजल को लेकर एक तरफ निगम प्रशासन पूरी तरह से गंभीर है तो दूसरी तरफ पानी की सप्लाई करनेवाली एजेंसी स्वाति इंडस्ट्री मनमाना रवैया अपना रही है। निगम वासियों को पानी की कमी से भारी परेशानी हो रही है। निगम क्षेत्र के जोन-टू के लोगों को नियमित पानी की सप्लाई नहीं होने से परेशानियों का समाना करना पड़ रहा है। सात सितंबर को नगर प्रशासक ने जोन-टू के लिए अजय नदी स्थित जलापूर्ति केंद्र के खराब मोटर को ठीक कराने का निर्देश दिया था, लेकिन एजेंसी पर इसका कोई असर नहीं हुआ। दोबारा 18 सितंबर को भी नगर प्रशासक की ओर से तुरंत मोटर को ठीक कराते हुए नियमित जलापूर्ति बहाल करने का निर्देश दिया गया। नगर प्रशासक ने स्पष्ट तौर प्रति दिन सुबह-शाम पानी सप्लाई करने का निर्देश दिया है, लेकिन ऐसा नहीं किया जा रहा है। इसको लेकर 15 सितंबर को हुई बैठक में अनियमित रूप से निगम क्षेत्र में पानी की सप्लाई को लेकर नगर प्रशासक ने नाराजगी व्यक्त की थी। बैठक में उन्होंने स्वाति इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधि को कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया था। 24 घंटे के अंदर बेहतर तरीके से जलापूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया था, ताकि जोन-2 के लोगों को पानी को लेकर परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। बावजूद अब तक इंडस्ट्रीज ने कोई कदम नहीं उठाया है। अभी तक खराब मोटर को ठीक नहीं कराया गया है।
स्वाति इंडस्ट्रीज को रखरखाव और संचालन का जिम्मेदारी सौंपी गई है। निगम क्षेत्र में पानी की सप्लाई एजेंसी के माध्यम से की जाती है। एजेंसी को सुबह और शाम प्रति पानी की सप्लाई करने का निर्देश दिया गया है लेकिन जोन-2 में एक दिन के अंतराल पर पानी की सप्लाई की जा रही है। इससे जोन-2 के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।