विकास के लिए भाजपा को दें वोट : बाबूलाल
संवाद सहयोगी करौं भाजपा विधायक दल के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को प्र
संवाद सहयोगी, करौं: भाजपा विधायक दल के नेता व पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने बुधवार को प्रखंड के नवाडीह-बसकूपी, कठमिरखी, लाला पोखर एवं चकदाहा गांव में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए भाजपा प्रत्याशी गंगा नारायण सिंह को भारी मतों से विजयी बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि भाजपा प्रत्याशी ने बिना किसी पद पर रहते हुए लोगों की सेवा की। अगर इन्हें विधायक बना दिया जाता है तो वह दो गुना समाज की सेवा करेंगे। हेमंत सोरेन आदिवासी मुख्यमंत्री कहने को हैं। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है। पंद्रह माह के कार्यकाल में चोरी, डकैती, अपहरण एवं दुष्कर्म की घटनाएं बढ़ी है। एक वर्ष में सबसे अधिक आदिवासी महिलाओं की आबरू लूटी गई। अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं। ब्लॉक, अंचल और थाना में रिश्वत का बोलबाला है। बगैर रिश्वत के मृत्यु प्रमाण पत्र भी नहीं मिलता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह तमाड़ उपचुनाव में मुख्यमंत्री रहते शिबू सोरेन की हार हुई थी। उसी तरह मधुपुर उपचुनाव में मंत्री की हार होगी। जेएमएम ने सिर्फ आदिवासियों का शोषण किया है। बालू, पत्थर, कोयला की लूट कराकर परिवार का खजाना भरा जा रहा है। झारखंड सरकार को जनता से कोई मतलब नहीं है। उन्होंने उपस्थित लोगों से देश के स्वाभिमान की रक्षा के लिए भाजपा को जिताने का आह्वान किया। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल की भूरी-भूरी प्रशंसा की। मोदी ने देश की सरहद को सुरक्षित किया है। मौके पर चंदनकियारी विधायक अमर बाउरी, करौं प्रभारी वीरेन्द्र मंडल, जिप सदस्य बलवीर राय, राहुल सिंह, प्रखंड अध्यक्ष सचिन राय, अशोक यादव, दिलीप यादव, मोहन कुमार, मुन्ना यादव, जसपाल सिंह, रूपलाल मरांडी समेत अन्य उपस्थित थे।