अध्यक्ष पद के दोनों उम्मीदवारों को मिले बराबर मत
सभी 62 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। रविवार शाम चार बजे के बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम की घोषणा की गई।
देवघर : बैद्यनाथधाम गौशाला परिसर में रविवार को देवघर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के विभिन्न पदों के लिए मतदान हुआ। सभी 62 सदस्यों ने मतदान में हिस्सा लिया। रविवार शाम चार बजे के बाद मतगणना कर चुनाव परिणाम की घोषणा की गई। हैरत की बात यह रही कि अध्यक्ष पद के लिए दोनों उम्मीदवार विनय महेश्वरी व रवि केशरी को एक बराबर मत 31-31 प्राप्त हुए। ऐसी स्थिति में रवि केशरी ने अनुभव के आधार पर विनय महेश्वरी को समर्थन दे दिया और कहा कि उन्होंने गुरु दक्षिणा दी है।
वहीं, रवि केशरी को उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया। 49 मत पाकर विजय कौशिक सचिव पद पर काबिज हुए, जबकि दूसरे उम्मीदवार आशीष झा को मात्र 13 मत प्राप्त हुए। एकमात्र उम्मीदवार होने के कारण पंकज मोदी को कोषाध्यक्ष पद पर निर्विरोध चुना गया। चुनाव पदाधिकारी के तौर पर तारकेश्वर सिंह मौजूद थे।