अवैध शराब कारोबार से जुड़े दो गिरफ्तार
जागरण संवाददाता देवघर अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सोमवार को एसपी अश्विनी कुमार ि
जागरण संवाददाता, देवघर : अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ सोमवार को एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा के निर्देश पर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। कई जगहों से अवैध देसी व विदेशी शराब जब्त की गई है। कुंडा थाना क्षेत्र में थाना प्रभारी यशवंत कुमार सिंह व एएसआइ मदन चौधरी के नेतृत्व में छापेमारी की गई। चार ठिकानों पर की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 35 लीटर देसी शराब जब्त किया। करीब 20 लीटर शराब नष्ट किया गया। इस सिलसिले में पुलिस ने मामला दर्ज किया है।
दर्ज मामले में ठाढ़ीदुल्लमपुर गांव निवासी छोटू चौधरी व काशीडीह निवासी अर्जुन राय को आरोपित बनाया गया है। पुलिस ने अर्जुन को गिरफ्तार कर लिया। छोटू भाग निकलने में कामयाब रहा। नगर थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान करीब 25 लीटर देसी शराब पुलिस ने नष्ट किया। सोनारायठाढ़ी थाना क्षेत्र के पोडैया गांव में पुलिस ने छापेमारी कर अवैध रूप से विदेशी शराब का कारोबार कर रहे रामवृक्ष मंडल को गिरफ्तार किया। पुलिस ने काफी मात्रा में विदेशी शराब जब्त किया है।
देवीपुर थाना क्षेत्र में किए गए छापेमारी के दौरान 60 किलो जाबा महुआ व देसी शराब बनाने में प्रयोग किया जाने वाला 50 हड़िया पुलिस ने नष्ट किया। पुलिस के इस अभियान से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। पूर्व भी इस तरह का अभियान पूरे जिले में चलाया गया था।