बाराटांड में डोभा में डूबे दो बच्चे, मौत
मधुपुर(देवघर) बुढ़ई थाना क्षेत्र के बाराटांड गांव में मवेशी चरा रहे दो बच्चों की शनिवा
मधुपुर(देवघर) : बुढ़ई थाना क्षेत्र के बाराटांड गांव में मवेशी चरा रहे दो बच्चों की शनिवार शाम डोभा में डूबने से मौत हो गई। मृतक नौ वर्षीय गौतम कुमार और दस वर्षीय रोहित कुमार उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय बाराटांड का छात्र था। गौतम दूसरी तो रोहित कक्षा छह में पढ़ाई करता था। बताया जाता है दोपहर को खाना खाने के बाद दोनों बच्चे मवेशी को चराने के लिए घर से कुछ दूर खेत की ओर ले गए थे। मवेशी चराने के क्रम में वे दोनों कपड़ा खोलकर डोभा में स्नान करने लगे। उन्हें पानी की गहराई का अंदाजा नहीं रहा और स्नान करने के क्रम में डूबने से दोनों की मौत हो गई। काफी देर तक जब वे घर नहीं लौटे तो गांव के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की। इसी बीच डोभा के पास दोनों का कपड़ा देखा गया। लोगों ने दोनों का शव डोभा से बाहर निकाला। स्वजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इस कारण मामले को पहले दबाने का प्रयास किया गया। इसी कारण पुलिस को भी देर रात को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने गांव में पहुंचकर घटना की छानबीन की। स्वजनों व गांव के लोगों से पूछताछ की गई। स्वजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। पुलिस ने घटना को लेकर एक सनहा दर्ज किया है। वहीं घटना के बाद से स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं पूरे गांव में मातम का माहौल है। गौतम को राखी नहीं बांध पाई छोटी बहन : तालाब में दो बच्चों की डूबने से हुई मौत ने रक्षा बंधन का पर्व मातम में बदल गया है। बताया जाता है कि गौतम की दो वर्ष की बहन है। घर में राखी तैयारी की गई थी लेकिन गौतम की कलाई पर उसकी छोटी बहन राखी नहीं बांध पाई। वहीं रोहित के दो और भाई हैं। उसकी अपनी कोई बहन नहीं है। इस हादसे की वजह से पर्व के बीच गांव में मातम का माहौल है।