मारपीट मामले के तीन आरोपित गिरफ्तार
संवाद सहयोगी जसीडीह जसीडीह पुलिस ने पुराने कांड के दो फरार आरोपितों को गिरफ्तार
संवाद सहयोगी, जसीडीह :
जसीडीह पुलिस ने पुराने कांड के दो फरार आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। जानकारी हो कि बीते जून माह में अंधरीगादर गांव निवासी गोपाल यादव ने आरोप लगाया था कि पुरानी आपसी विवाद के कारण गांव के पूरण यादव विकास यादव, त्रिलोचन यादव, टिकू यादव ने मिलकर रास्ते में उसकी पिटाई की जिस कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। आरोप था कि पिटाई करने के साथ ही उन लोगों ने जबरन जेब से पैसा भी छीन लिया था। इस सिलसिले में जसीडीह थाने में मामला दर्ज किया गया था। मामला दर्ज होने के बाद से आरोपित फरार थे। बुधवार को एएसआइ अजीत कुमार तिवारी को जानकारी मिली कि आरोपित घर पर ठहरा है। इसी सूचना पर पुलिस ने छापेमारी कर आरोपित पूरन यादव व विकास यादव को गिरफ्तार किया। वही बीते 2009 में कोयरीडीह गांव में हुए मारपीट की घटना के आरोपित बेलू यादव को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। उसके खिलाफ ललन कुमार राय ने आपसी विवाद को लेकर पिटाई करने का आरोप लगाया था। वह भी घटना के बाद से फरार था।