ट्रक-एंबुलेंस में टक्कर, बाल-बाल बचे सवार
संवाद सूत्र सारठ देवघर सारठ-देवघर मुख्य पथ पर सारठ थाना क्षेत्र के बजरंगबली चौक के समी
संवाद सूत्र, सारठ देवघर : सारठ-देवघर मुख्य पथ पर सारठ थाना क्षेत्र के बजरंगबली चौक के समीप रविवार सुबह मिनी ट्रक एवं एम्बुलेंस के बीच जोरदार टक्कर हो गयी। आमने-सामने हुई टक्कर में दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए हैं। हालांकि इस घटना में दोनों गाड़ी पर सवार लोग बाल-बाल बच गए। बताया जाता है कि मिनी ट्रक के चालक ने काफी प्रयास किया नहीं तो परिणाम बहुत ही घातक हो सकता था। घटना के संबंध में बताया गया कि देवघर से सामान खाली कर मिनी ट्रक बंगाल लौट रहा था एवं एंबुलेंस कोलकाता से देवघर लौट रहा था। इस बीच घटनास्थल के पास एंबुलेंस का दाहिना पहिया अचानक ब्लास्ट कर गया। जिस कारण एंबुलेंस चालक ने गाड़ी पर से संतुलन खो दिया और सामने आ रहे मिनी ट्रक से टकरा गया। टक्कर के दौरान दोनों वाहनों की रफ्तार काफी तेज थी। बावजूद ट्रक चालक ने तेजी से ट्रक को बायां मोड़ दिया जिस कारण काफी बचाव हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोग पहुंचे और गाड़ियों में फंसे दोनों चालक को सकुशल बाहर निकाला। उसके बाद घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना प्रभारी रविन्द्र सिंह ने मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की। पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है।