क्वारंटाइन सेंटर के लिए सौंपा गया भार
जागरण संवाददाता देवघर दूसरे प्रांत से आने वाले प्रवासी लोगों को अब जिले में बनाए गए क्वारंट
जागरण संवाददाता, देवघर : दूसरे प्रांत से आने वाले प्रवासी लोगों को अब जिले में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रहना पड़ेगा। निगम क्षेत्र में दो क्वारंटाइन सेंटर भी बनाए गए हैं। जहां क्वारंटाइन किए गए प्रवासियों के लिए तमाम सुविधा मुहैया कराई जाएगी। उपायुक्त के निर्देश के आलोक में शनिवार को नगर प्रशासक शैलेंद्र कुमार लाल ने वीडियो संवाद के माध्यम से बैठक कर क्वारंटाइन सेंटर के लिए पदाधिकारियों को प्रभार सौंपा है। बाहर से आने वाले प्रवासी मजदूरों की रैपिड एंटिजन किट से जांच कर क्वारंटाइन सेंटर में रखने का आदेश दिया गया है। नगर प्रशासक ने क्वारंटाइन सेंटर के लिए नामित पदाधिकारी, प्रभारी पदाधिकारी व वरीय पदाधिकारी को दायित्व सौंपा है। इन सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को क्वारंटाइन सेंटर की साफ-सफाई, पेयजलापूर्ति व सैनिटाइजेशन सहित अन्य चीजों की व्यवस्था करने का दायित्व सौंपा गया है। इन प्रभारी पदाधिकारियों को क्वारंटाइन सेंटर में सौंपे गए दायित्व का निर्वहन कोविड-19 के नियमों का पालन करते हुए करने का आदेश दिया है। प्रभारी पदाधिकारियों को सौंपे गए कार्य में किसी तरह की कोताही नहीं बरतने का निर्देश दिया है। साथ ही क्वारंटाइन में रखे जाने के बाद प्रवासी मजदूरों का बेहतर तरीके से ख्याल रखने को कहा गया है ताकि क्वारंटाइन के दौरान इन लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
निगम क्षेत्र में वैक्सीनेशन को लेकर बनाया गया टास्क फोर्स : नगर प्रशासक शैलेंद्र कुमार लाल ने निगम क्षेत्र में बड़े स्तर पर वैक्सीनेशन कराए जाने को लेकर टास्क फोर्स का गठन किया है। इससे पहले उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर के रोकथाम, बचाव व संभावित प्रसार को रोकने के लिए वृहद स्तर पर वैक्सीनेशन चलाने को लेकर नगर प्रशासक को नोडल पदाधिकारी प्रतिनियुक्त किया है। इसी आदेश के आलोक में नगर प्रशासक ने निगम क्षेत्र में वैक्सीनेशन को बड़े पैमाने पर चलाने के लिए टास्क फोर्स गठित कर नोडल पदाधिकारी सहित नामित पदाधिकारी व सहयोगी कर्मियों को शामिल किया है। टास्क फोर्स में शामिल सभी अधिकारियों को वैक्सीनेशन का कार्य गंभीरता से सफल बनाने का निर्देश दिया है। टास्क फोर्स में शामिल किए गए पदाधिकारियों में - जितेंद्र पासवान, कार्यपालक अभियंता नगर निगम को नोडल पदाधिकारी बनाया गया है जबकि नगर मिशन मैनेजर हिमांशु शेखर व कौशल किशोर को नामित पदाधिकारी का दायित्व सौंपा गया है। जबकि सहयोगी कर्मियों के रूप में सामुदायिक संगठनकर्ता कुमारी अलका सोनी, सविता देवी, स्मिता देवी व श्वेता कुमारी सहित निगम के सभी सीआरपी को शामिल किया गया है।