अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत
देवघर-चकाई मुख्य मार्ग स्थित डिगरिया पहाड़ के समीप गुरुवार को अज्ञा
संवाद सहयोगी, जसीडीह : देवघर-चकाई मुख्य मार्ग स्थित डिगरिया पहाड़ के समीप गुरुवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आने से बाइक सवार की मौत हो गई है। मृतक की पहचान चांदन थाना क्षेत्र के बिहायी गांव निवासी 25 वर्षीय कुंदन यादव के रूप में की गई है। बताया जाता है कि युवक बाइक से जसीडीह थाना क्षेत्र के अंधेरीगाद गांव स्थित अपने रिश्तेदार से मिले आया था। गुरुवार को वह वापस अपने गांव बिहायी जा रहा था। इसी दौरान डगरिया पहाड़ के समीप विपरीत दिशा से आ रही एक अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। घटना में बाइक भी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं घटना को अंजाम देने के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही जसीडीह थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र लाया गया। जहां जांच के उपरांत चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया गया है। घटना के संबंध में परिजन को सूचना दे दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल से बाइक जब्त कर लिया है।