डीसी बोले-अमित शाह की देवघर में कहां है जमीन, पता नहीं
Amit Shah. कांग्रेस नेता फुरकान अंसारी ने कहा है कि सांसद निशिकांत बताएं कि अमित शाह की जमीन कहां है।
देवघर, जागरण संवाददाता। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह झारखंड के खतियानी हैं और उनकी देवघर में पुश्तैनी जमीन है। हाल में गोड्डा के भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने यह बात कही थी। बावजूद न तो प्रशासन को उनकी जमीन के बारे में कोई जानकारी है न ही भाजपा नेताओं को। बुधवार को देवघर डीसी राहुल कुमार सिन्हा ने बताया कि अमित शाह की यहां जमीन होने की उन्हें कोई सूचना नहीं है।
भाजपा जिलाध्यक्ष दिवाकर गुप्ता को भी इसकी कोई जानकारी नहीं है। बताते हैं कि सांसद के बयान से भाजपा कार्यकर्ता भी अचंभित हैं। क्योंकि उन्हें भी ऐसी कोई जानकारी नहीं हैं। नाम न छापने की शर्त पर भाजपा के एक कार्यकर्ता ने बताया कि हम तो यहां जनम से रह रहे हैं। आखिर अमित शाह के पूर्वज कहां के थे और कब आए हमें नहीं मालूम। जैन समाज के लोगों में भी चर्चा हो रही है कि शाह का देवघर से क्या नाता है। उनको भी कुछ नहीं मालूम।
इधर, कांग्रेस नेता सह पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने कहा है कि सांसद निशिकांत बताएं कि अमित शाह की जमीन कहां है। आखिर वे 20 एकड़ जमीन देवघर में होने का दावा कर रहे हैं। मालूम हो कि 19 जनवरी को अमित शाह गोड्डा आएंगे। शक्ति केंद्र के कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। कार्यकर्ता इसकी तैयारी में लगे हैं। कई कार्यकर्ता इस मामले में सीधे अमित शाह से सवाल पूछने के मूड में हैं। भाजपा नगर अध्यक्ष सोनाधारी झा भी कहते हैं कि अमित शाह की देवघर में जमीन होने की कोई जानकारी नहीं है। इस मामले में सांसद निशिकांत दुबे से संपर्क के प्रयास विफल रहे। उन्होंने फोन नहीं उठाया।