देवघर में आदिवासी किशोरी के साथ घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म
Misbehavior with teenager. झारखंड के देवघर में आदिवासी किशोरी के साथ घर में घुसकर सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है।
संवाद सहयोगी, जसीडीह (देवघर)। देवघर के जसीडीह थाना क्षेत्र के बाघमारी गांव में पिस्टल के बल पर एक आदिवासी किशोरी (15) के साथ घर में घुसकर शनिवार की रात सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया।
किशोरी ने पुनासी परियोजना का काम कर रही हरदेव सिंह कंस्ट्रक्शन कंपनी के पेटी ठेकेदार व चार कर्मियों को आरोपित किया है। इस घटना से भड़के ग्रामीणों ने कर्मी राहुल कुमार सिंह (औरंगाबाद निवासी) और राहुल चौधरी (पटना निवासी) को 21 घंटे तक बंधक बनाए रखा। उनके हाथ बांधकर एक कमरे में बंद कर दिया। घटना की सूचना पाकर सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। तनाव देख बड़ी संख्या में पुलिस जवानों को गांव में तैनात कर दिया गया है। इसके बाद दोनों आरोपितों को ग्रामीणों ने पुलिस के हवाले किया। पीड़िता के पिता के बयान पर जसीडीह थाना में मामला दर्ज हो गया है। इसमें कंपनी पेटी कांट्रेक्टर धनंजय सिंह कर्मचारी राकेश सिंह, सनोज सिंह, राहुल कुमार सिंह व राहुल चौधरी को नामजद किया है।
पिता ने बताया कि शनिवार रात किशोरी घर में अकेली थी। वह काम से बाहर गए थे। रात करीब 12 बजे सभी आरोपित घर में घुस गए और पिस्टल दिखाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। मौका मिलते ही किशोरी ने शोर मचा दिया तो पड़ोस के लोगों की नींद खुल गई। वे दौड़कर किशोरी के घर पहुंचे। ग्रामीणों को देख सभी आरोपित भागने लगे। राहुल सिंह व राहुल चौधरी को ग्रामीणों ने दबोच लिया। पिता का आरोप है कि पूर्व में भी आरोपितों ने पिस्टल के बल पर किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था।
पीड़िता के पिता के बयान पर मामला दर्ज कर लिया गया है। दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। अन्य की तलाश हो रही है।
-विकास चंद्र श्रीवास्तव, एसडीपीओ, देवघर।