जमीन विवाद में वृद्धा की हत्या
पालोजोरी (देवघर) थाना क्षेत्र के दुबराजपुर में जमीन विवाद में यशोदा देवी (60 वर्ष) की हत्या
पालोजोरी (देवघर) : थाना क्षेत्र के दुबराजपुर में जमीन विवाद में यशोदा देवी (60 वर्ष) की हत्या कर दी। आरोपितों ने पहले वृद्धा के साथ जमकर मारपीट की। बाद में उसकी गला दबाकर हत्या कर दी। जमीन विवाद को लेकर घटना को अंजाम दिया गया। घटना के संबंध में मृतक का पुत्र सचिन रजवार ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे उनके रिश्तेदार महेश्वर रजवार उर्फ गुल्ठा व उसकी पत्नी उषा देवी जमीन विवाद को लेकर उनकी मां यशोदा देवी से झगड़ा कर रही थी। हो हल्ला सुन जब वह घर से निकाला तो दोनों वहां से चले गए। शाम 6 बजे तीनों भाई काम के सिलसिले में बाजार गए थे। उनकी मां व पत्नी घर में अकेली थी। इसी दौरान दोनों आरोपित घर पहुंचकर उनकी मां के साथ मारपीट करने लगे। बीच बचाव करने पहुंची उनकी पत्नी को आरोपितों ने डरा-धमका कर वहां से भगा दिया। इसके बाद उसकी मां की गला दबाकर हत्या कर दी। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस निरीक्षक मनोज कुमार मल्लिक देर शाम दुबराजपुर पहुंचे। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी लेने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर भेज दिया। वहीं घटना के बाद दोनों आरोपित फरार हो गए। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद परिजन को शव सौंप दिया गया।