भाजपा की सरकार से सूबे का होगा कायाकल्प
भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को चितरा स्टेडियम में आयोजित भाजपा प्रत्याशी रणधीर सिंह के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार से ही राज्य का कायाकल्प हो सकता है।
चितरा: भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गुरुवार को चितरा स्टेडियम में आयोजित भाजपा प्रत्याशी रणधीर सिंह के पक्ष में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा सरकार से ही राज्य का कायाकल्प हो सकता है। इसलिए मतदाता भाजपा के पक्ष में कीमती वोट देकर सरकार गठन में अहम भूमिका निभाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की चर्चा करते हुए कहा कि उन्होंने कश्मीर से 370 धारा हटाया। अल्पसंख्यक महिलाओं के हक व सम्मान की खातिर तीन तलाक को खत्म किया। नागरिकता संशोधन कानून बनाकर शरणार्थियों को नागरिक बनाने का मार्ग प्रशस्त किया। ऐसे कार्यो से बौखलाए विपक्षी दल अब मोदी सरकार के खिलाफ एकजुट होकर तरह-तरह का भ्रम फैला रहे हैं। कांग्रेस, झामुमो, राजद व अन्य पार्टियों का गठबंधन लूट और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने के लिए किया गया है। इन्हें सत्ता से दूर रखने के लिए भाजपा को प्रचंड बहुमत दें। उन्होंने रघुवर सरकार की उपलब्धियों की विस्तर से चर्चा की। इस सरकार के शासनकाल में जो कार्य अधूरे रह गए हैं नई सरकार पूरा करेगी। उन्होंने कहा कि डबल इंजन वाली सरकार से विकास को काफी गति मिलेगी। उन्होंने पीएम आवास, उज्ज्वला योजना, कृषि आशीर्वाद योजना, बिजली पानी सड़क शिक्षा स्वास्थ्य समेत सभी बुनियादी सुविधाओं के संबंध में विस्तार से चर्चा की। निवर्तमान कृषि मंत्री सह भाजपा प्रत्याशी रणधीर सिंह ने भी सभा को संबोधित किया।