संयुक्त अभियान चलाएगी झारखंड व बिहार पुलिस
संवाद सहयोगी मधुपुर मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सीमावर्ती इलाके में विशेष चौकसी बरत
संवाद सहयोगी, मधुपुर : मधुपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर सीमावर्ती इलाके में विशेष चौकसी बरती जाएगी। सक्रिय अपराधकर्मियों की धर पकड़ के लिए झारखंड व बिहार की पुलिस संयुक्त रूप से अभियान चलाएगी। सीमावर्ती बिहार के पुलिस पदाधिकारियों संग बुधवार को स्थानीय पुलिस अधिकारियों की बैठक में इसको लेकर रणनीति तैयार की गई। 17 अप्रैल का चुनाव शांतिपूर्ण तरीके से आयोजित करने को लेकर सीमा पर वाहनों की सघन जांच किए जाने, शराब कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई करने, सीमावर्ती क्षेत्र में अपराधियों व असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने को लेकर सहमति बनाई गई। वहीं अपराधियों को पकड़ने के लिए संयुक्त रूप से अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। वहीं दोनों राज्य की पुलिस के बीच सूचनाओं का अदान-प्रदान किया जाएगा। कहा गया कि चुनाव के दिन सीमा को सील कर दिया जाएगा। वहीं सभी वाहन की जांच की जाएगी। जानकारी हो कि इससे पहले भी चुनाव को लेकर बिहार व झारखंड के उच्च पदाधिकारियों की बैठक हो चुकी है। आज की बैठक में डीएसपी सह देवघर एसडीपीओ मंगल सिंह जामूदा, झाझा एसडीपीओ सतीश चंद्र मिश्रा, बेलहर थाना प्रभारी प्रेमचंद्र सिंह, जसीडीह थाना प्रभारी विक्रम प्रताप सिंह, देवीपुर थाना प्रभारी रवि सिंह, मोहनपुर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी मौजूद थे।
मधुपुर चुनाव बाहरी बनाम भीतरी : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के कार्यकारी अध्यक्ष सह जामताड़ा विधायक डॉक्टर इरफान अंसारी ने मधुपुर उपचुनाव में महागठबंधन प्रत्याशी की जीत का दावा करते बुधवार को कहा कि यह चुनाव बाहरी बनाम भीतरी का है और जनता ने अपना मन बना लिया है। भाजपा को यहां करारी शिकस्त का सामना करना पड़ेगा। धर्म एवं जात पात के नाम पर वोट को बांटने का मंसूबा यहां सफल नहीं होगा। सांसद निशिकांत दुबे यहां का माहौल खराब करना चाहते हैं जिसे किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता को गुमराह करने में वे मास्टर ब्लास्टर हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन गोड्डा रेल परियोजना का उद्घाटन करेंगे।