चुनावी सरगर्मी तेज, 11 को देवघर में लगेगा जदयू नेताओं का जमावड़ा Deoghar News
झारखंड विधानसभा चुनाव को लेकर तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। इसी सिलसिले जदयू के कई बड़े नेताओं का जमावड़ा 11 अक्टूबर को देवघर में होने जा रहा है।
देवघर, जेएनएन। झारखंड में विधानसभा चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज होने लगी है। सूबे के सभी जिलों में भी विभिन्न राजनीतिक दलों की गतिविधियां बढ़ने लगी है। इसी सिलसिले में बिहार में भाजपा का सहयोगी दल जदयू के कई बड़े नेताओं का जमावड़ा 11 अक्टूबर को देवघर में होने जा रहा है।
जदयू प्रखंड अध्यक्ष मिथिलेश महथा ने बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव सह राज्यसभा संसदीय दल के नेता आरसीपी सिंह, झारखंड प्रभारी रामसेवक सिंह कुशवाहा, बिहार सरकार में मंत्री श्रवण कुमार, प्रदेश अध्यक्ष सालखन मुर्मू, अरूण कुमार सिंह, खिरू महतो व सुधा चौधरी 11 अक्टूबर को परिसदन में रात्रि विश्राम करेंगे और पार्टी पदाधिकारियों से आगामी विधानसभा चुनाव को ले मंत्रणा करेंगे।
गौरतलब है कि बिहार में भाजपा का सहयोगी दल जदयू झारखंड विधानसभा चुनाव अकेले लड़ने का फैसला किया है। माना जा रहा है कि जदयू बिहार की तरह झारखंड में भी शराबबंदी को अपना चुनावी स्टंट बना सकता है। बता दें कि झामुमो की दलील पर निर्वाचन आयोग ने राज्य में जदयू के चुनाव चिन्ह तीर को फ्रिज कर दिया है। झारखंड में अब जदयू का चुनाव चिन्ह 'ट्रैक्टर पर बैठा हुआ किसान' है।