रिखिया में 430 बेड का अस्थायी अस्पताल तैयार
मोहनपुर रिखिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रशासन द्वारा 430 बेड का अस्थाई अस्पताल बनाया गया
मोहनपुर : रिखिया स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रशासन द्वारा 430 बेड का अस्थाई अस्पताल बनाया गया है। सोमवार देर शाम प्रखंड विकास पदाधिकारी अशोक कुमार व अंचलाधिकारी प्रीति लता किस्कू ने यहां की व्यवस्था का निरीक्षण किया। जहां जो कमी मिली उसे दूर करने को लेकर दिशा निर्देश जारी किया। यह अस्थाई अस्पताल कोरोना महामारी को देखते हुए बनाया गया है। जरूरत पड़ने पर इस अस्पताल का प्रयोग मरीजों के इलाज के लिए किया जाएगा। यहां मरीजों के रहने, खाने पानी व इलाज की व्यवस्था की जाएगी। यह विद्यालय शहर से अलग होने के कारण यहां मरीजों के रखने में सुविधा होगी और यहां भीड़ भाड़ भी नहीं होगी। स्कूल के प्राचार्य एसके दुबे ने बताया कि यहां 500 बेड है, जिसमें से 430 बेड प्रशासन को उपलब्ध कराया गया है। उसके साथ अन्य जरूरी सामानों की भी व्यवस्था की जा रही है।