दोहरे हत्याकांड के चार नामजद आरोपित गिरफ्तार
जसीडीह (देवघर) जसीडीह थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा गांव में हुई युवक-युवती की हत्या के नामज
जसीडीह (देवघर) : जसीडीह थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुरा गांव में हुई युवक-युवती की हत्या के नामजद चार आरोपितों को पुलिस ने पांच माह बाद गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
19 अक्टूबर को सिमरा गांव निवासी बबलू ठाकुर और शिल्पी कुमारी दुर्गा प्रतिमा विसर्जन देखने की बात कह कर घर से निकले थे। देर रात तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने खोजबीन शुरू की। किसी प्रकार की जानकारी नहीं मिलने पर परिजनों ने जसीडीह थाना को इस घटना से अवगत कराया। 26 अक्टूबर को ब्रह्मपुरा गांव के बहियार में युवक व युवती शव मिलने की सूचना परिजनों को मिली। सूचना मिलते ही परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव का पहचान की और इसकी जानकारी जसीडीह थाना को दी। जसीडीह पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस संबंध में मृतक के भाई संजय ठाकुर ने थाना में आवेदन देकर बताया कि गांव के गोतिया से काफी दिनों से जमीन विवाद चल रहा था। विसर्जन के दिन गांव के दिवाकर ठाकुर, किशोर ठाकुर, दिलीप ठाकुर, सूरज, राहुल, मनोज ठाकुर, राम प्रसाद ठाकुर, सीताराम ठाकुर, सुभाष ठाकुर, विनोद ठाकुर व सुनील राउत ने मिलकर दोनों की हत्या कर दी तथा साक्ष्य छुपाने की नीयत से शव को कुएं में डाल दिया। पुलिस बीते पांच माह से जांच पड़ताल में जुटी थी। घटना के बाद से सभी आरोपित फरार थे। इस क्रम में पुलिस को जानकारी मिली की आरोपित दिवाकर ठाकुर, दिलीप ठाकुर, सुनील ठाकुर और मनोज ठाकुर घर पर रुका हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। वहीं अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।