निगम के तीन चलंत शौचालय वाहन में लगी आग
जागरण संवाददाता देवघर नगर निगम कार्यालय के समीप खाली जमीन में खड़ा तीन चलंत शौचालय वाहन
जागरण संवाददाता, देवघर : नगर निगम कार्यालय के समीप खाली जमीन में खड़ा तीन चलंत शौचालय वाहन (ईंजन रहित) में अचानक आग लग गई। आग लगने के स्थान के ठीक पीछे निगम का डिपो है। जहां कचरा डंप कर उठाव किया जाता है। यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में कचरा उठाव करने वाली छोटे वाहन लगे रहते हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि समय पर आग को काबू नहीं पाया गया होता तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। बाद में एक युवक विशाल भट्ट ने तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचित किया। एक दमकल ने आग पर काबू पाया। हालांकि वाहन पूरी तरह से जल चुके थे। केवल ढांचा ही बचा था। आग कैसे लगी, इस बारे में कोई भी कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं थे। आशंका जताई जा रही है आग असामाजिक तत्वों ने लगाई होगी। बाद में नगर प्रशासक शैलेंद्र कुमार लाल ने नगर थाना में अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराने को शिकायत दर्ज कराई। निगम इस चलंत शौचालय का उपयोग सावन सहित अन्य कई मौके पर करता था।