बारिश से किसानों के चेहरे पर झलकी खुशी
वे खेतों की जोताई में जुट गए हैं ताकि कम बारिश से भी खेतों में पर्याप्त नमी बने रहे। कई जगहों में किसान खेतों की जोताई करते दिख जाते हैं।
करौं (देवघर) : प्रखंड मुख्यालय समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शुक्रवार को हुई अच्छी बारिश से खेती करने वाले किसानों के चेहरे खिल गए हैं। वे खेतों की जोताई में जुट गए हैं ताकि कम बारिश से भी खेतों में पर्याप्त नमी बने रहे। कई जगहों में किसान खेतों की जोताई करते दिख जाते हैं। सुनील मंडल, आनंद मंडल, कोदो पंडित, उतम सिंह बताया कि आद्रा नक्षत्र तक खेतों में बीज डालने का उपयुक्त समय है। इससे अच्छी पैदावार होने की संभावना रहती है। बताया कि समय-समय पर हो रही बारिश से क्षेत्र के किसानों में खुशी है। मौसम इसी तरह साथ दे तो आने वाले दिनों में कृषि कार्य में और तेजी आ जाएगी। उल्लेखनीय है कि प्रखंड के 80 फीसद लोगों की जीविका कृषि पर निर्भर है। जबकि खेती कार्य आज भी मानसून पर निर्भर है। हालांकि सरकारी स्तर पर तालाब, चैकडेम, सिचाई कूप आदि का निर्माण कराया गया है। लेकिन किसानों को इसका लाभ नहीं मिल पाता है। उधर किसानों ने समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने की मांग की है।