जूट व कपड़े से बने थैले का करें उपायेग: डीसी
जसीडीह स्थित आचार्य नरेंद्र देव भवन परिसर में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत प्लास्टिक मुक्त भारत पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
जसीडीह (देवघर) : जसीडीह स्थित आचार्य नरेंद्र देव भवन परिसर में स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम के तहत प्लास्टिक मुक्त भारत पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। उद्घाटन उपायुक्त नैंसी सहाय ने किया। इस मौके पर उपायुक्त ने नगर निगम क्षेत्र के नागरिकों से कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर पूरे भारत में प्लास्टिक पर प्रतिबंध लगाया गया है। प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने के लिए आम लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। उपायुक्त ने प्रत्येक व्यक्ति से प्लास्टिक को बहिष्कृत कर कपड़ा और जूट के थैला का उपयोग करने का आह्वान किया। पॉलिथीन से आने वाली पीढि़यों को गंभीर समस्या झेलना पड़ सकता है। वही प्लास्टिक पर्यावरण के लिए सबसे अधिक खतरनाक माना गया है। नए शोध के मुताबिक प्लास्टिक जमीन को बंजर बना देती है। जिससे पेड़ पौधों के अस्तित्व पर खतरा उत्पन्न हो रहा है। दो अक्टूबर तक सभी व्यक्ति प्लास्टिक के बैग को छोड़कर कपड़े की बैग को अपनाएं। प्रत्येक कार्यालय में चाय का उपयोग मिट्टी के कुल्हड़ में करें। श्रावणी मेला के दौरान स्वच्छता में देवघर को राष्ट्रीयस्तर पर तीसरा स्थान मिलने को लेकर उन्होंने नगर निगम के कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि आगामी मेला के दौरान देश में प्रथम स्थान पर होने का लक्ष्य रखा गया है। जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों से कहा कि प्लास्टिक के उपयोग नहीं गांव-गांव और मोहल्ले तक आम लोगों को जागरूक करेंगे। इस मौके पर मौजूद सभी व्यक्तियों ने शपथ लेकर प्लास्टिक बहिष्कृत करने का निर्णय लिया गया। इस मौके पर डीडीसी शैलेंद्र कुमार लाल, नगर आयुक्त अशोक कुमार सिंह वार्ड पार्षद कन्हैया दुबे राजन सिंह समेत सभी वार्ड पार्षद व मोहल्ले के लोग मौजूद थे।