बोलेरो की चपेट में आकर अधेड़ की मौत
देवघर-सारवां मुख्य पथ स्थित दुधनिया गांव के समीप सोमवार की सुबह बोलेरो की चपेट में आने से कुंडा थाना क्षेत्र के दुधनिया गांव निवासी विशेश्वर राउत (60) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
देवघर : देवघर-सारवां मुख्य पथ स्थित दुधनिया गांव के समीप सोमवार की सुबह बोलेरो की चपेट में आने से कुंडा थाना क्षेत्र के दुधनिया गांव निवासी विशेश्वर राउत (60) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आक्रोशित लोगों ने मुआवाजा और वाहन मालिक को पकड़ने की मांग को लेकर मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोगों ने कहा कि प्रशासन की गाड़ी ने घटना को अंजाम दिया है। जाम की स्थिति लगभग ढाई घंटे तक बनी रही। जाम को हटाने के लिए कुंडा थाना प्रभारी खद्दी कुजुर, रिखिया थाना प्रभारी असीम कमल टोपनो, एएसआइ चंदन कुमार, पीएन पाल, बड़ी संख्या में जवानों व मुखिया प्रतिनिधि दिनेश मंडल को बड़ी मशक्कत करनी पड़ी। लेकिन आक्रोशित लोग कुछ भी समझने को तैयार नहीं थे। बाद में मोहनपुर अंचल कार्यालय के सीआइ आदित्य कुमार को बुलाया गया। सीआइ ने मृतक के पुत्र सुनील राउत को तत्काल पांच हजार रुपये नकद राशि का भुगतान किया। इसके अलावा मृतक के परिजन को सरकारी प्रावधान के अनुरूप 20 हजार रुपये व विधवा पेंशन देने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम को हटाया जा सका।
पुत्र का बयान दर्ज : घटना को लेकर मृतक के पुत्र सुनील राउत का पुलिस ने बयान दर्ज कर लिया है। सुनील राउत ने कहा कि उसके पिता विशेश्वर राउत घर के समीप मुख्य मार्ग के समीप खड़े थे। इसी दौरान सारवां की ओर से (जेएच 15क्यू 2105) नंबर की बोलेरो गाड़ी ने उन्हें जोरदार धक्का मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गए। वह दौड़कर उनके पास पहुंचा और उन्हें उठाने का प्रयास किया लेकिन घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
पनिया भरले रही गेलो रे रजवा..
घटना के बाद मृतक की पत्नी सुला देवी सहित अन्य परिजनों का रो-रोकर हाल बेहाल था। सबलोग एक दूसरे से लिपट कर रो रहे थे। रोते-रोते मृतक की पत्नी पनिया भरले रही गेलो रे रजवा (राजा), एक बार मुंह देखा दे रे कोई। बस यही शब्द बार-बार दोहरा कर रोए जा रही थी। आसपास के लोगों की आंखें भी नम थीं।