सड़क पार कर रहे बच्चे को अज्ञात वाहन ने कुचला, मौत
संवाद सूत्र पालोजोरी पालोजोरी-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर महुआडाबर गांव के पास गुरुवार को अ
संवाद सूत्र, पालोजोरी : पालोजोरी-जामताड़ा मुख्य मार्ग पर महुआडाबर गांव के पास गुरुवार को अज्ञात वाहन की चपेट में आकर एक 10 वर्षीय बालक की मौत हो गई। मृतक मजीद अंसारी महुआडाबर गांव का रहने वाला था। घटना के संबंध में उसके पिता अलीमुद्दीन अंसारी ने बताया कि बेटा सड़क पार कर रहा था। इस दौरान अज्ञात वाहन ने उसे धक्का मार दिया। इस हादसे में उसकी मौत हो गई। जबकि बच्चे को धक्का मारने के बाद वाहन चालक गाड़ी लेकर मौके पर से भाग निकला। वहीं घटना के बाद मृतक के स्वजन व गांव के लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया। सड़क पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। लोग मुआवजा दिए जाने व धक्का मारने वाली वाहन का पता लगाकर कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे थे। वहीं घटना की सूचना मिलने पर पालोजोरी के प्रखंड विकास पदाधिकारी शिवाजी भगत, थाना प्रभारी रविशंकर व अन्य पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। लोगों से पदाधिकारियों ने बात की। मृतक के स्वजनों को यथा संभव मुआवजा दिलाने व सरकारी सुविधा दिलाए जाने का आश्वासन दिया गया। वहीं तत्काल कुछ आर्थिक मदद भी की गई। उसके बाद जाम हटाया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए देवघर सदर अस्पताल भेज दिया गया है। वहीं घटना के सिलसिले में पालोजोरी थाने में एक मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस धक्का मारने वाली गाड़ी का पता लगाने का प्रयास कर रही है। वहीं बच्चे की मौत से मृतक के स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।