यात्री शेड में मिला अधेड़ का शव बरामद
सूचना पर नगर थाने के एएसआइ रामानुज सिंह सहित पुलिस अधिकारी व जवान मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया।
देवघर : देवघर-दुमका बायपास रोड स्थित रांगा मोड़ के समीप बने यात्री शेड से शनिवार सुबह लगभग 50 वर्षीय अधेड़ का शव मिला। सूचना पर नगर थाने के एएसआइ रामानुज सिंह सहित पुलिस अधिकारी व जवान मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का मुआयना किया। इसे लेकर आसपास के लोगों से पूछताछ भी की गई। हालांकि, उक्त शव को किसी ने भी पहचानने से इन्कार कर दिया। कुछ लोगों ने बताया कि वह रिक्शा चलाते हुए देखा गया था। दिन भर रिक्शा चलाने के बाद शाम को वह शेड में पहुंचकर रात गुजारता था। शुक्रवार को शेड के बाहर उसका रिक्शा खड़ी थी। उसकी तबीयत नासाज थी। संभवत वह इसलिए रिक्शा चलाने नहीं निकला था। लोगों की बीमारी की वजह से मौत होने की आशंका व्यक्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही उसकी पहचान करने की कोशिश में जुट गई है।