दहेज के लिए महिला को जला कर मार डाला
चितरा (देवघर) चितरा थाना क्षेत्र के खून गांव में दहेज के लिए नवविवाहिता को जलाकर मार डा
चितरा (देवघर) : चितरा थाना क्षेत्र के खून गांव में दहेज के लिए नवविवाहिता को जलाकर मार डालने का मामला सामने आया है। मृतका अनुराधा महतो के पिता दिलीप महतो ने थाना में दहेज हत्या का मामला दर्ज कराते हुए मृतका के पति राजेश महतो, ससुर सतीश महतो, सास बाली देवी, चैनपुर निवासी उसके बड़े जीजा धनंजय महतो को आरोपित बनाया है। मृतका के पिता का कहना है कि उसके दामाद ने 29 मार्च की रात में फोन पर सूचना दी कि अनुराधा कूलर चालू करने के दौरान शॉर्ट सर्किट से जल गई है। उसे इलाज के लिए धनबाद के अशर्फी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल जाकर देखा तो वह बुरी तरह से जल चुकी थी और वह कुछ भी बोलने में असमर्थ थी। इलाज के दौरान 31 मार्च को उसे मृत घोषित कर दिया गया। मृतका के पिता ने बताया कि उसकी पुत्री की शादी दो दिसंबर 2018 को हुई थी। शादी के कुछ दिनों तक सब कुछ ठीक ठाक चला। बाद में उसका दामाद दहेज के लिए पांच लाख रुपया की मांग कर रहा था। पैसा नहीं देने पर उसने और उसके परिजनों ने उसकी पुत्री को पेट्रोल छिड़ककर मार डाला। पुलिस मामला दर्ज कर मामले की छानबीन में जुट गई है।