दुर्गापूजा में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जागरण संवाददाता देवघर इस बार दुर्गापूजा में न तो बड़े-बड़े पंडाल बने हैं और न ही भव्य स
जागरण संवाददाता, देवघर : इस बार दुर्गापूजा में न तो बड़े-बड़े पंडाल बने हैं और न ही भव्य सजावट है। मेला भी नहीं लगा है। इसके बावजूद सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने कहा कि शहर में पुलिस कर्मियों के अलावा 150 गृहरक्षक तैनात किए गए हैं। इस बात पर विशेष फोकस किया जाएगा कि सरकार द्वारा पूजा को लेकर जो भी निर्देश दिए गए हैं उनका सख्ती से अनुपालन हो।
उन्होंने पूजा समितियों व आम लोगों से कोरोना के खतरे को देखते हुए प्रशासन का सहयोग करने व सरकार के निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की है। एसपी ने बताया कि सभी थानों को पूजा के दौरान विशेष चौकसी बरतने को कहा गया है। शहरी क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए आम दिनों की तुलना में अधिक पुलिसवालों को तैनात किया गया है। ये प्रयास किया जा रहा है कि कही भी वाहनों का जाम नहीं लगे। जगह-जगह पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने के साथ ही गश्ती व्यवस्था को भी बढ़ाया गया है। वहीं पुलिस वालों को असामाजिक तत्वों व मनचलों पर नजर रखने को कहा गया है।