बाल सुधार गृह का गेट लांघ युवती फरार
देवघर यहां के संप्रेषण गृह सह बाल सुधार गृह का मेन गेट लांघकर बुधवार की देर रात ए
देवघर : यहां के संप्रेषण गृह सह बाल सुधार गृह का मेन गेट लांघकर बुधवार की देर रात एक युवती फरार हो गई। बताया जाता है कि युवती पिछले पांच वर्ष से संप्रेषण में रह रही थी। रात के करीब 2:30 बजे वह यहां से भाग निकली। बताया जाता है कि वह मेन गेट को लांघकर भागी है। सुबह होने पर यहां के कर्मियों को इस बारे में जानकारी हुई। उसके बाद वरीय अधिकारियों को इस बारे में जानकारी दी गई। बाद में इसकी लिखित शिकायत कुंडा थाने में की गई। युवती देवघर जिले के पालोजोरी थाना क्षेत्र की रहनेवाली है। उसे पांच वर्ष पूर्व सीडब्ल्यूसी द्वारा यहां लाकर रखा गया था। नए संप्रेषण गृह भवन में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। मेन गेट पर चौबीसों घंटे संतरी की डयूटी रहती है। चारों ओर सीसीटीवी कैमरा लगा हुआ है। अंदर भी सुरक्षा का पुख्ता इंतजाम किया गया है। ऐसे में युवती इतनी आसानी से मेन गेट के रास्ते कैसे भाग गई ये जांच का विषय है। इस बारे में संप्रेषण गृह की प्रभारी अनीता कुजूर का कहना है कि युवती मेन गेट के रास्ते देर रात को भागी है। इस बारे में कुंडा थाने में सूचना दे दी गई है। वहीं सुरक्षा में तैनात सभी सुरक्षा कर्मियों व अन्य स्टाफ से इस मामले में शो-कॉज मांगा गया है। उनसे पूछा गया है कि इतने सख्त सुरक्षा इंतजाम के बीच युवती कैसे भाग गई। सभी से लिखित जवाब मांगा गया है। जवाब मिलने के बाद इस सिलसिले में आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं युवती का पता लगाने के लिए कुंडा थाना की पुलिस ने पालोजोरी थाना से भी संपर्क किया है। बताया जाता है कि युवती का एक चचेरा भाई पालोजोरी थाने में चौकीदार है। उससे भी युवती का पता लगाने में मदद ली जा रही है। समाचार लिखे जाने तक युवती का पता नहीं चल पाया था। उसकी तलाश की जा रही है।