कृषि चैंबर ऑफ कॉमर्स की शीघ्र होगी स्थापना
जागरण टीम देवघर कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि किसानों की समस्या के समाधान और उनक
जागरण टीम, देवघर : कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कहा कि किसानों की समस्या के समाधान और उनकी आवाज को बुलंद करने के लिए सरकार की एक स्वायत संस्था के रूप में कृषि चैंबर ऑफ कॉमर्स का गठन किया जाएगा। इसका ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है। जल्द ही इसका फाइनल प्रारूप बनते ही सरकार इसे लागू कर देगी। इसमें पंचायत से लेकर मुख्यालय तक के किसानों की भागीदारी होगी। ग्राउंड लेवल पर किसान समिति बनाने व किसान मंच के रूप में विकसित करने का प्रारूप बनाया जा रहा है।
गुरूवार की सुबह परिसदन से मॉर्निंग वॉक करते हुए जटाही मोड़ तक गए। इस बीच लोगों से मिलकर दुआ सलाम कुबूल किया। पहले अंबेडकर लाइब्रेरी गए। बच्चों से बातचीत की। यहां की सुविधाओं को देखकर प्रसन्न हुए। छात्रों को समझाया कि एक नेक इंसान बनकर कुछ मिसाल कायम करना है। इसके बाद अपने समर्थकों के साथ बरमसिया चौक पहुंचे। यहां घनश्याम की चाय दुकान पर कुल्हड़ में चाय की चुस्की ली। दुकान पर दैनिक जागरण की प्रति देखकर उसे उठाया और खबर पढ़ने लगे। मारगोमुंडा में किए कृषि चौपाल की खबर को पढ़ने लगे। यहीं पर जागरण टीम से मुलाकात हो गयी। तो कृषि मंत्री ने कहा कि पदयात्रा से लोगों की समस्याओं को नजदीक से समझने का मौका मिलता है। उन्होंने कहा कि जल्द ही कृषि चैंबर ऑफ कामर्स का गठन यहां किया जाएगा।
गिधनी व कोठिया भी पहुंचे :
पदयात्रा के दौरान कोठिया और गिधनी गांव के ग्रामीणों से मिलकर भी समस्याओं से अवगत हुए। पदयात्रा के दौरान आम लोगों ने जगह-जगह स्वागत कर अपनी समस्याओं से अवगत कराया। इस क्रम में ग्रामीणों ने प्रधानमंत्री आवास, पेंशन, धान बिक्री के लिए पैक्स केंद्र जैसी समस्याओं से अवगत कराया। समस्याओं को सुनकर संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को तुरंत समस्या का निदान करने का निर्देश दिया। इस दौरान उन्होंने बताया कि झारखंड सरकार के एक साल पूरा होने पर सरकार के प्रति बढ़ती आस्था पर लोगों की राय जानने की कोशिश की गई है। बीते एक साल सरकार के लिए चुनौतियों का वर्ष रहा है। फिर भी कोरोना काल के दौरान पुराने वादे को निभाने के लिए सरकार की ओर से किसानों के दो लाख करोड़ की ऋण माफी की गई है।
बीते अठारह सालों में सरकार के उदासीन रवैये के कारण पैक्स मृत जैसा हो गया है। आगामी सत्र के दौरान राज्य के किसानों के लिए ग्रामीण स्तर पर पैक्स निर्माण करने की योजना बनाई जाएगी। कॉपरेटिव के माध्यम से ही किसानों को आगे बढ़ाने का कार्य किया जाएगा। 25 मई से किसानों को धान का बीज उपलब्ध कराया जाएगा। नवंबर माह से सभी पैक्स में धान खरीदने की योजना बनाई जाएगी। अबूआ राज का सपना हेमंत सरकार में ही पूरा किया जा सकेगा। इसी क्रम में वरीय कांग्रेस कार्यकर्ता शुकदेव दुबे की धर्मपत्नी की मौत की खबर पर उनके कोठिया स्थित आवास पर पहुंचकर मृत आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन व्रत रखा और उनकी तस्वीर पर फूल माला पहनाकर नमन किया।