ताला तोड़कर दो घरों से 20.50 लाख की चोरी
जागरण संवाददाता देवघर शहर में चोरों का आतंक काफी बढ़ गया है। चोरों ने शहर के
जागरण संवाददाता, देवघर : शहर में चोरों का आतंक काफी बढ़ गया है। चोरों ने शहर के अलग-अलग इलाके से दो घरों का ताला तोड़कर लाखों का सामान चोरी कर लिया। एक घर से करीब दस लाख और दूसरे घर से करीब 10.50 लाख का सामान चोरी कर लिया गया है। एक मामला यहां के कास्टर टाउन मोहल्ले का है। यहां रविकांत नेवर के घर से चोरों ने करीब दस लाख का सामान चोरी कर लिया। बताया जाता है कि रविकांत नेवर देवघर में अकेले रहते हैं। उनका बेटा व बेटी बंगलुरू में रहते हैं। पिछले 25 दिसंबर को वे अपने बच्चों से मिलने के लिए देवघर में घर बंद करके गए थे। इसी बीच उन्हें अपनी पड़ोसी से सूचना मिली कि उनके घर में चोरी हो गई है। इसी सूचना पर मंगलवार कर रात वे देवघर पहुंचे। यहां देखा कि सारे दरवाजों का ताला टूटा हुआ है। अंदर सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने आलमारी का ताला भी तोड़ दिया था। आलमारी से चोरों ने चार पीस हीरा जड़ा बाला, चार हीरे की अंगुठी, चार हीरे की कानबाली, दो सोने का चेन, एक सोने का गहना, दस चांदी का गिलास, 26 चांदी का सिक्का आठ हजार नकद आदि चोरी कर लिया था। घटना के सिलसिले में नगर थाना में मामला दर्ज किया गया है। वहीं एक अन्य मामला यहां के जलसार रोड पटेल चौक के पास का है। सुशीला देवी ने पुलिस को दिए बयान में कहा है कि उसकी बेटी यहीं रहती है। मंगलवार की शाम वह अपनी बेटी से मिलने गई थी। देर रात को वह घर लौटकर आई तो पाया कि मेन गेट व घर के कमरों के दरवाजे पर लगा ताला टूटा हुआ है। अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर के अंदर से 95 हजार नकद, करीब आठ लाख का जेवर, बैंक एफडी का कागजात, करीब 1.50 लाख की लागत का अन्य सामान घर से चोरी कर लिया है। महिला के मुताबिक आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालने से इस बारे में जानकारी मिल सकती है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की छानबीन : वहीं जानकारी मिलने पर दोनों जगहों पर पुलिस टीम ने पहुंचकर मामलों की छानबीन की। दोनों जगहों पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया था। वहां से टीम ने अंगुलियों के निशान लिए हैं। साथ ही कुछ अन्य साक्ष्य मिले हैं जिनकी जांच की जा रही है। जांच करने गए पुलिस अधिकारियों में नगर थाना के एसआइ प्रवीण कुमार, जियान अख्तर, अनूप कुमार, आलोक कुमार आदि शामिल थे। पुलिस चोरों का पता लगाने का प्रयास कर ही है। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।