पत्थर से कूचकर अधेड़ की हत्या
जसीडीह (देवघर) जसीडीह थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय परिसर स्थित एक खजूर पड़े के न
जसीडीह (देवघर) : जसीडीह थाना क्षेत्र के राजकीय उच्च विद्यालय परिसर स्थित एक खजूर पड़े के नीचे 45 वर्षीय अज्ञात अधेड़ का शव बरामद किया गया। उसके शरीर पर कई जगहों पर गहरे चोट के निशान मिले हैं। पहचान मिटाने के लिए चेहरे व दोनों आंखों को पत्थर से कूच दिया गया है। शव मिलने की जानकारी होते ही बड़ी संख्या में आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर उमड़ पड़ी। वहीं जसीडीह थाना के एएसआइ ब्रह्मदेव प्रसाद व संजय रजक जवानों के साथ पहुंचे। छानबीन करने के क्रम में स्कूल परिसर स्थित पुराने भवन के समीप काफी मात्रा में खून पाया गया। यहां से कुछ दूर तक शव को घसीटने के भी निशान मिले हैं। इसे देखते हुए आशंका व्यक्त की गई कि पुराने भवन में उसकी हत्या करने के बाद शव को घसीटते हुए खजूर पेड़ के पास लाकर अपराधी फरार हो गए। पुलिस ने आसपास के लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की। शव की तलाशी भी ली गई लेकिन ऐसा कोई भी दस्तावेज बरामद नहीं किया जा सका जिससे उसकी पहचान हो सके। हालांकि कुछ लोगों ने मृतक के रिक्शा चालक होने की संभावना व्यक्त की है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
वर्जन
पुराने भवन में हत्या करने के बाद शव को स्कूल परिसर स्थित खजूर पेड़ के समीप लाकर फेंक दिया गया है। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। पहचान कराने के प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद ही हत्या का कारण का स्पष्ट रूप से पता चल पाएगा। घटना का जल्द उद्भेदन कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
डीएन आजाद, थाना प्रभारी, जसीडीह