बच्चा चोर के शक में पोल से बांधकर पीटा
बच्चा चोर के अफवाह में मंगलवार को फिर एक शख्स भीड़ के हत्थे चढ़ गया। लोगों ने बिजली के खंभे में बांधकर डंडे व लात-घूंसों से उसकी पिटाई की।
सारठ (देवघर) : बच्चा चोर के अफवाह में मंगलवार को फिर एक शख्स भीड़ के हत्थे चढ़ गया। लोगों ने बिजली के खंभे में बांधकर डंडे व लात-घूंसों से उसकी पिटाई की। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अजय कुमार सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर उन्मादी भीड़ के चंगुल से अधेड़ को बाहर निकालकर सुरक्षित थाने ले आए। इस संबंध में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे कि कार्रवाई में जुट गई है।
अधेड़ की पहचान धनबाद जिले के बरवड्डा थाना के सिमलाटांड़ निवासी भोलानाथ महतो के रूप में हुई है। मंगलवार को वो सारठ के डिडाकोली गांव अपने साढू के घर जा रहा था। जब वह रास्ता भटक गया तो सारठ से आगे बेलाटांड़ मोड़ स्थित एक घर के पास अपने साढ़ू के घर का पता पूछ रहा था। भोलानाथ के पास एक झोला भी था। लोगों का शक हुआ कि कहीं यह बच्चा चोर तो नहीं है। देखते ही देखते ग्रामीण उसे बच्चा चोर कह कर हो-हल्ला करने लगे। हल्ला सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए और जब उसका झोला चेक किया तो उसमें एक प्लास्टिक में मांस, सेव व चाकू मिला।
इस संबंध में पीड़ित भोलानाथ ने कहा कि घर में पूजा हुआ था। जिसमें बकरे की बलि दी गई थी। उसी का प्रसाद लेकर वह अपने साढ़ू गउर मंडल के यहां जा रहा था। ग्रामीणों को शक हुआ कि झोला में जो मांस मिला है वह किसी बच्चे का है। इसके बाद ग्रामीणों ने पोल में बांधकर पिटाई कर दी। पशु चिकित्सक ने की मांस की जांच : भोलानाथ महतो के पास से मिले मांस की जांच के लिए बीडीओ के आदेश पर पशु चिकित्सक माइकल सोरेन थाना पहुंचे। चिकित्सक ने मांस का सैंपल सील कर थाने में रखा है। चिकित्सक ने बताया कि देखने से प्रतीत होता है कि किसी जानवर का मांस है। सारठ में पहले भी हो चुकी है दो घटनाएं : मालूम हो कि तीन दिन पूर्व सधरिया पंचायत के बरमसिया गांव में आधी रात को एक युवक को बच्चा चोर के संदेह में पकड़ा था। सैकड़ों ग्रामीण वहां जमा हो गए थे। युवक की पिटाई की जा रहा थी। इसी बीच पंचायत के मुखिया जर्जिस अंसारी ने दिलेरी दिखाते हुए युवक को भीड़ के कब्जे से निकालकर कर थाना को सूचना दी। तब जाकर युवक की जान बची। वहीं 10 दिन पूर्व डिडाकोली पंचायत के नैयाडीह गांव में पुलिस ने एक विक्षिप्त महिला को बच्चा चोरी के आरोप में भीड़ का शिकार होने से बचाया था। विवेक से लें काम: कृषि मंत्री
घटना की सूचना मिलने पर कृषि मंत्री रणधीर सिंह ने थाना प्रभारी से पूरी जानकारी ली। मंत्री ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि वे विवेक व धैर्य से काम लें। अफवाह में ऐसा कोई कदम नहीं उठाएं जिसका खामियाजा खुद भी भुगतना पड़े। अगर कहीं भी ऐसी स्थिति उत्पन्न होती है तो लोग संयम से काम लें तथा तुरंत थाना को सूचित करें।