65 करोड़ से बनेगा प्लास्टिक पार्क
संवाद सहयोगी देवीपुर (देवघर) सत्संग-भिरखीबाद मुख्य मार्ग पर स्थित प्रस्तावित एम्स के सामने शंकर
संवाद सहयोगी, देवीपुर (देवघर) : सत्संग-भिरखीबाद मुख्य मार्ग पर स्थित प्रस्तावित एम्स के सामने शंकरपुर मोड़ के समीप प्लास्टिक पार्क का शिलान्यास गोड्डा सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को किया। एक तरफ एम्स निर्माण किया जा रहा है ओर दूसरी तरफ प्लास्टिक पार्क होगा।
सांसद ने कहा कि 65 करोड़ की लागत व 93.09 एकड़ जमीन पर प्लास्टिक पार्क का निर्माण किया जाएगा। भारत सरकार ने प्लास्टिक पार्क के लिए देवघर का चयन किया है। राज्य सरकार ने देवघर के देवीपुर में जमीन दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार बनने के बाद इस देश में विकास में गति आई। इन बड़ी परियोजना के पूरा हो जाने से इस क्षेत्र में लोगों को स्वास्थ्य सेवा का लाभ व मजदूरों को रोजगार मिलेगा। पार्क स्वीकृत कराने में मुख्यमंत्री रघुवर दास का सबसे बड़ा योगदान है। इस परियोजना से प्रत्यक्ष रूप से 12 हजार लोगों को रोजगार मिलेगा। 111 यूनिट प्लास्टिक आधारित कारखाने लगेंगे। मौके पर पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष संजय यादव, हरि सिंह, भाजपा महिला मोर्चा के जिलाध्यक्ष बिजया सिंह, भाजयुमो जिलाध्यक्ष अभयानन्द झा, अरूण गुटगुटिया, देवव्रत पांडेय, उमेश यादव, देवीपुर मंडल अध्यक्ष विश्वजीत बरनवाल, भाजयुमो प्रखंड अध्यक्ष मनीष कुमार, देवीपुर महिला मोर्चा के प्रखंड अध्यक्ष विभा देवी, सत्यवान कुमार, राजेश मंडल आदि थे।
----------------
35 करोड़ की योजना का शिलान्यास
देवघर : सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को टावर चौक के समीप विभिन्न योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने 35 करोड़ की लागत से अलग-अलग योजनाओं की आधारशिला रखी। सांसद ने शनिवार को जिन योजनाओं का शिलान्यास किया उसमें देवघर व मधुपुर में पांच-पांच करोड़ की लागत से विवाह भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा जसीडीह में बहुद्देश्यीय भवन का निर्माण 5.02 करोड़ से बनेगा। नगर निगम के विभिन्न वार्डों में सड़क व नाला निर्माण भी किया जाएगा। इस दौरान साहब पोखर, सुरातिलौना व रोहिणी में बने पार्क का उद्घाटन भी सांसद ने किया।