विभिन्न हादसों में महिला सहित चार की मौत
जागरण संवाददाता देवघर सड़क हादसा आग से झुलसने सहित अन्य घटनाओं में महिला सहित चार
जागरण संवाददाता, देवघर : सड़क हादसा, आग से झुलसने सहित अन्य घटनाओं में महिला सहित चार लोगों को मौत सदर अस्पताल में हो गई है। पहली घटना में जसीडीह थाना क्षेत्र के रोहिणी निवासी सुभद्रा देवी (65) की मौत सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में हो गई है। बताया जाता है कि 11 मार्च को वह गर्म पानी से झुलस गई थी। इलाज के लिए उन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सड़क हादसा में मौत
दूसरी घटना में चकाई थाना क्षेत्र निवासी दुलार यादव (35 वर्ष) की मौत सड़क हादसा में हो गई। बताया जाता है कि रविवार को वह साइकिल से काम के सिलसिले में बाजार जा रहा था। इसी क्रम में बटपार मोड़ के समीप अज्ञात वाहन से धक्का लगाने से गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। यहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही चकाई विधायक सावित्री देवी अस्पताल पहुंची। कुएं में मिली महिला का शव
सारठ थाना क्षेत्र के असहना गांव निवासी गौतम मिश्र की पत्नी उषा देवी (25 वर्षीया) का शव गांव के पास ही एक कुएं से बरामद किया गया। घटना के संबंध में बताया गया कि शनिवार रात पूरे परिवार के खाना खाकर सभी सदस्य सो गए थे। देर रात अचानक उषा घर से निकल गई। कुछ देर बाद बच्चे की नींद खुली तो वे अपनी मां को खोजने लगे। हो हल्ला करने पर आसपास तलाश की गई। इसी क्रम में बसवरिया के समीप एक कुएं में उसका शव बरामद किया गया। हालांकि मौत के कारण का स्पष्ट रूप से पता नहीं चल पाया है। अज्ञात युवक शव बरामद
नगर थाना क्षेत्र स्थित कास्टर टाउन मोहल्ला स्थित एक अपार्टमेंट के समीप एक 35 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। मौके पर एएसआइ पीएन पाल व संतोष पांडेय दलबल घटनास्थल पहुंचे। शव मुआयना किया गया। शव के पैर में पट्टी बंधा हुआ पाया गया। हालांकि शरीर पर चोट के निशान नहीं पाया गया है। किसी ने शव की पहचान नहीं की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।