सारठ में 32 ग्राम प्रधानों का पद रिक्त
उपायुक्त के निर्देशानुसार सारठ अंचलाधिकारी साकेत कुमार सिन्हा ने सोमवार को अंचल निरीक्षक व राजस्व कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान बताया गया कि अंचल में कुल 243 ग्राम प्रधान हैं।
सारठ : उपायुक्त के निर्देशानुसार सारठ अंचलाधिकारी साकेत कुमार सिन्हा ने सोमवार को अंचल निरीक्षक व राजस्व कर्मचारियों के साथ बैठक की। इस दौरान बताया गया कि अंचल में कुल 243 ग्राम प्रधान हैं। इनमें से 211 कार्यरत हैं और 32 पद रिक्त है। सीओ ने दो दिन के अंदर रिक्त पदों की बहाली के लिए अभिलेख तैयार करने को कहा। वहीं राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए सभी कर्मचारियों को विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया गया। साथ ही बताया गया कि अंचल में 366 अवैध जमाबंदी संबंधित अभिलेख लंबित हैं। इसका रिपोर्ट 24 घंटे में तैयार करने का निर्देश दिया गया। साथ ही क्षेत्र में सरकारी जमीन पर स्पष्ट विवरणी उल्लेख करते हुए सूचना पट लगाने को कहा गया। विभिन्न पेंशनधारियों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट तलब की गई। इस सिलसिले में अविलंब रिपोर्ट जमा करने को कहा गया। जो भी इसमें कोताही बरतेंगे उनके खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही गई। बताया गया कि जो भी व्यक्ति सरकारी पेंशन पाने के हकदार हैं और उन्हें ये लाभ नहीं मिला है उसकी सूची तत्काल तैयार की जाय, ताकि उन्हें जल्द से जल्द इन योजनाओं का लाभ मिल सके। जानकारी हो कि इस सिलसिले में उपायुक्त नैंसी सहाय ने आज ही जिला स्तरीय बैठक कर राजस्व संबंधित लंबित मामलों का त्वरित निष्पादन करने की सख्त हिदायत पदाधिकारियों को दी थी। इसी के आलोक में सारठ में बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सीआइ संजय दुबे, हलका कर्मचारी सदानंद देव, इगनियस टुडू, दुबराज मुर्मू, विश्वजीत महतो, उज्ज्वल लकड़ा आदि उपस्थित थे।