22 फरवरी से 21 स्थानों पर चलेगा टीकाकरण
संवाद सहयोगी मधुपुर (देवघर) 22 फरवरी से मधुपुर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में छूटे हुए
संवाद सहयोगी, मधुपुर (देवघर): 22 फरवरी से मधुपुर शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में छूटे हुए दो वर्ष के बच्चों एवं गर्भवती माताओं का टीकाकरण मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम के तहत किया जाएगा। इसकी जानकारी देते हुए बुधवार को अनुमंडल अस्पताल उपाधीक्षक डॉ. मोहम्मद शाहिद ने बताया कि मिशन इंद्रधनुष कार्यक्रम के तहत तीन दिन 22 फरवरी से 24 फरवरी तक शहरी क्षेत्र, जमुनियांटांड़, धमनी, ताराजोरी, सिघो, लालपुर के कुल 21 चिन्हित स्थल पर टीकाकरण कार्यक्रम चलेगा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में कुल नौ एएनएम को जिम्मेदारी दी गई है। जिसके तहत 22 व 23 फरवरी को नौ जगहों व 24 फरवरी को तीन स्थल का चयन माइक्रो प्लान के तहत किया गया है। उन्होंने कहा कि टीकाकरण सत्र सुबह नौ बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम की सफलता को लेकर दो मॉनिटर को निगरानी हेतु लगाया गया है। मॉनिटरिग हेतु आयुष चिकित्सक इकबाल खान एवं दिवाकांत पंकज को जबकि सुपरवाइजर के रूप में बीटीटी नंदकिशोर शाही, सिकंदर शाही, स्वधा अंबष्ट, एमपीडब्ल्यू विनोद दास व राजीव रंजन को प्रतिनियुक्त किया गया है।
राजपुरा व धबाना में होगा मच्छरदानी का वितरण : सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र देवीपुर में प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अवधेश कुमार सिंह के निर्देश पर राजपुरा और धबाना पंचायत की सहिया और सहिया साथी के साथ बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें कहा गया कि राजपुरा और धबाना पंचायत में सात हजार मच्छरदानी का वितरण किया जाएगा। मच्छरदानी वितरण के लिए राजपुरा पंचायत और धबाना पंचायत से आबादी के साथ पारिवारिक सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया था। सभी सहिया और सहिया साथी ने बीपीएम राज कुमार और राजीव कुमार सिंह को सूची उपलब्ध करा दी है। सहिया घर घर जाकर मच्छरदानी का वितरण करेंगी।