23 जिलों के 1464 मजदूर कोयंबटूर से पहुंचे जसीडीह
ट्रेन करीब चार घंटे की देरी से जसीडीह पहुंची। इन मजदूरों में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं जो रोजगार के लिए वहां गई थीं।
जसीडीह : झारखंड के 23 जिलों के 1464 मजदूरों को लेकर गुरुवार दोपहर करीब दो बजे तमिलनाडु के शहर कोयंबटूर से श्रमिक स्पेशल ट्रेन जसीडीह स्टेशन पहुंची। ट्रेन करीब चार घंटे की देरी से जसीडीह पहुंची। इन मजदूरों में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं जो रोजगार के लिए वहां गई थीं। जसीडीह पहुंचने पर ट्रेन को सबसे पहले सैनिटाइज किया गया। उसके बाद एक-एक कर बोगी को खोला गया और जिलावार मजदूरों को बोगी से बाहर निकाला गया। सबसे पहले धनबाद के मजदूर फिर रामगढ़ और उसके बाद गिरिडीह फिर अन्य जिलों के मजदूरों को निकाला गया। सभी मजदूरों को शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए कतारबद्ध किया गया। इसके बाद सबकी स्क्रीनिंग की गई। जांच में सभी मजदूर स्वस्थ पाए गए। फिर जिला प्रशासन द्वारा सबको खाने का पैकेट व पानी का बोतल दिया गया। फिर सभी को विशेष वाहनों से उनके गृह जिलों के लिए भेजा गया।
होम क्वारंटाइन पर रहने का दिया गया निर्देश : जसीडीह स्टेशन पर पहुंचे मजदूरों को लेने के लिए उनके गृह जिले से दंडाधिकारी व पुलिसकर्मी आए थे। यहां से रवाना होने से पहले सभी मजदूरों को सख्त हिदायत दी गई कि वे घर पहुंचने पर होम क्वारंटन के निर्देशों का पूरी ईमानदारी से पालन करेंगे। अगर सेहत में कोई भी दिक्कत महसूस होती है तो तत्काल पास के किसी अस्पताल में जाकर अपना स्वास्थ्य जांच कराएंगे। स्टेशन पर मजदूरों के स्वागत के लिए देवघर की उपायुक्त नैंसी सहाय, एसपी पीयूष पांडेय, एसडीओ विशाल सागर, एसडीपीओ विकास चंद्र श्रीवास्तव, प्रशिक्षु आइएएस रवि आनंद व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे। इन जिलों के पहुंचे इतने मजदूर जिला मजदूर बोकारो 63
चतरा 29
देवघर 118
धनबाद 214
दुमका 18
पूर्वी सिंहभूम 66
गढ़वा 37
गिरिडीह 144
गोड्डा 49
गुमला 53
हजारीबाग 24
जामताड़ा 59
खूंटी 02
कोडरमा 17
लातेहार 20
लोहरदगा 107
पाकुड़ 13
पलामू 48
रामगढ़ 181
रांची 59
सरायकेला 01
सिमडेगा 29
पश्चिमी सिंहभूम 113