बेडरूम में मिला नवविवाहिता का शव, परिजनों ने कहा-ससुराल वालों ने की हत्या Chatra News
मृतका की मां संजू देवी ने थाना को लिखित आवेदन देते हुए दामाद विवेक तिवारी ससुर शत्रुघ्न तिवारी सास ननद और ननदोसी पर हत्या का आरोप लगाया है।
मयूरहंड (चतरा), जेएनएन। मयूरहंड थाना क्षेत्र के मनहे गांव में शनिवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध अवस्था में मौत हो गई। मतका निशा देवी गांव के ही विवेक तिवारी की धर्मपत्नी है। दोनों की शादी एक वर्ष पूर्व हुई थी। पुलिस शव को अपने कब्जा में करते हुए पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। इधर मृतका के परिजनों का आरोप है कि उसकी हत्या की गई है।
इस बाबत मृतका की मां संजू देवी ने थाना को लिखित आवेदन देते हुए दामाद विवेक तिवारी, ससुर शत्रुघ्न तिवारी, सास, ननद और ननदोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। खबर लिखे जाने तक प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। थाना प्रभारी केके चौधरी ने बताया कि जांच के बाद ही मुकदमा दर्ज किया जाएगा। जानकारी के अनुसार शनिवार की सुबह निशा का शव उसका बेडरूम में पड़ा मिला। मौत कैसे हुई, यह स्पष्ट नहीं है।
बाद में ससुराल वालों ने इसकी जानकारी उसके मायके और पुलिस को दी। बेटी की मौत की खबर सुनते ही परिजन उसके ससुराल पहुंचे। मृतका का मायके बिहार के गया जिला के पसुलीगंज है। निशा की मां ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उसकी शादी की थी। शादी के वक्त ढेर सारा दहेज दिया गया था। लेकिन मोटरसाइकिल और सोने की चैन को लेकर ससुराल वाले उसे अक्सर पड़तालित करते थे।
आरोप है कि मोटरसाइकिल और सोने की चेन को लेकर ही उसकी हत्या कर दी गई। इधर थाना प्रभारी ने बताया कि जब तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आती है, तब तक कुछ भी कहना संभव नहीं है।