शादी की खुशी मातम में बदली, डोली उठने से पहले निकला जनाजा Chatra News
Jharkhand. डोली उठने से पहले आसिया दुनिया से रुखसत हो गई। शनिवार को हल्दी लगना था और मंगलवार को बारात आनी थी। लेकिन उससे पहले वह हमेशा-हमेशा के लिए विदा हो गई।
मयूरहंड (चतरा), [आकाश सिंह]। मेहमानों के आने का सिलसिला शुरू हो चुका था। घर में चारों ओर खुशी का माहौल था। सहेलियां आसिया के साथ ठिठोली कर रहीं थीं। खुशी का यह नजारा अचानक गम में तब्दील हो जाएगा, ऐसा किसी ने सोचा भी नहीं होगा। डोली उठने से पहले आसिया दुनिया से रुखसत हो गई। शनिवार को हल्दी लगना था और मंगलवार को बारात आनी थी। लेकिन उससे पहले वह हमेशा-हमेशा के लिए विदा हो गई। यह वाक्या हुआ है मयूरहंड प्रखंड के हुसिया गांव में। परिजन आसिया परवीन को सुपूर्द-ए-खाक के लिए कब्रिस्तान ले जा रहे थे।
इसी बीच किसी ने पुलिस को खबर दे दी कि युवती ने जहर खाकर आत्महत्या की है। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर तहकीकात में जुट गई है। जानकारी के अनुसार मो. गुलाम मुस्तफा की 19 वर्षीय पुत्री आसिया परवीन की शादी हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र के अंबादोहय गांव में पांच नवंबर को होनी थी। शादी को लेकर तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा था।
युवती ने अपने पसंद से सामानों की खरीदारी की थी। शुक्रवार की शाम को अचानक उसके पेट में दर्द उठा। परिजन उपचार के लिए हजारीबाग ले गए। एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सक ने उसकी स्थिति नाजुक बताई। तत्पश्चात परिजनों ने युवती का इलाज कराने को छोड़ उसे घर वापस लाने लगे। इसी क्रम में रास्ते में उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी अवध बिहारी सिंह ने बताया कि मामला संदिग्ध है। जांच चल रही है।